News in Brief

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शुक्रवार को खेले गए अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले को 100 रन से जीता. इसी के साथ भारत छठी बार वर्ल्ड चैंपियन बना. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड को हराकर 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए 7.50 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है. BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर गर्व जताया है.

अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया पर पैसों की बारिश

BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने घोषणा की कि BCCI टीम इंडिया को 7.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगा. ANI से बात करते हुए BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने कहा, ‘पूरा देश और BCCI हमारी अंडर-19 टीम पर 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के लिए गर्व महसूस कर रहा है. जिस तरह से हमारी टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया, और जिस तरह से वे पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहे, हम सभी को गर्व है. BCCI टीम को 7.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगा.’

Add Zee News as a Preferred Source

जय शाह ने दी बधाई

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अध्यक्ष जय शाह ने भारतीय टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने पर बधाई देते हुए उसे इसका ‘हकदार’ बताया है. आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, ‘आईसीसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप का छठा खिताब जीतने के लिए भारत को बहुत-बहुत बधाई! वे इस जीत के हकदार हैं, लेकिन फाइनल तक शानदार प्रदर्शन करने के बाद इंग्लैंड भी गर्व महसूस कर सकता है. जिम्बाब्वे क्रिकेट और नामीबिया क्रिकेट को भी एक शानदार टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए बहुत-बहुत बधाई, जिसने हमारे खेल के भविष्य के सितारों को दिखाया.’

भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए. इस टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में सर्वाधिक 175 रन बनाए. उनकी इस पारी में 15 चौके और इतने ही छक्के शामिल थे. कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 53 रन की पारी खेली. वहीं, अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में महज 311 रन पर सिमट गई.