Hindu laborer murdered in Bangladesh: बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय हिंदू कपड़ा मजदूर दीपु चंद्र दास की भीड़ ने बेरहमी से हत्या कर दी है. 18 दिसंबर की रात फैक्ट्री से उसे जबरन बाहर निकाला गया, बुरी तरह पीटा गया और फिर पेड़ से लटकाकर जला दिया गया है. दीपु एक साल के बच्चे का पिता और आठ लोगों के परिवार का इकलौता कमाने वाला था.
सहकर्मी ने दी जानकारी
दीपु के छोटे भाई अपू चंद्र दास ने बताया कि एक सहकर्मी के फोन से उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है. जब तक वे पूरी बात समझ पाते, तब तक दीपु की जान जा चुकी थी. आरोप लगाया गया कि दीपु ने सोशल मीडिया पर धर्म के खिलाफ कुछ लिखा था, लेकिन जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है. रैपिड एक्शन बटालियन ने साफ कहा है कि यह अफवाह थी.
देखने को नहीं दीपू का आखिरी बार चेहरा
परिवार का कहना है कि घटना के बाद भी उन्हें सम्मान नहीं मिला है. अंतिम संस्कार से पहले परिजनों को दीपु का आखिरी बार चेहरा देखने तक नहीं दिया गया, बुजुर्ग माता-पिता इस सदमे से टूट चुके हैं और पूरा परिवार डर के साए में जी रहा है.
12 लोगों की गिरफ्तारी
पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि झूठी जानकारी फैलाकर हिंसा भड़काने वालों की भी पहचान की जा रही है. कोर्ट ने आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
अपू कहते हैं कि उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया गया है, लेकिन डर अब भी बना हुआ है. उनका कहना है, “जिस तरह भीड़ ने यह सब किया, उसके बाद हमें समझ नहीं आ रहा कि अब कैसे जिएं.” यह घटना समाज में बढ़ती हिंसा और अफवाहों के खतरनाक असर को उजागर करती है.
ये भी पढ़ें: न्याय विभाग का यू-टर्न! एपस्टीन दस्तावेजों में ट्रंप की हटाई गई तस्वीर फिर आई सामने
