News in Brief

भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज दूसरा मुकाबला रायपुर के सहीद बीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को जबरदस्त शिकस्त दी थी. कांटे की टक्कर में कीवियों को हार का सामना करना पड़ा था. पहले मुकाबले में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रनों की शानदार पारी खेली थी. वह शतक से महज 14 रनों से दूर रह गए. अभिषेक की धारदार बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए थे. अभिषेक ने बेहद ही कम समय में तेजी से खूब नाम कमाने का कारनामा किया है. बहरहाल, आज हम आपको बताने वाले टी20 इंटरनेशनल में 33 पारियों के बाद भारत के ‘रन मशीन’ और अभिषेक शर्मा के आंकड़े कैसे हैं और कौन बेस्ट खिलाड़ी है?

अभिषेक शर्मा 
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं. वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा जैसे तेज शुरुआत देने वाले बल्लेबाजों के जाने के बाद अभिषेक शर्मा ने टीम की सलामी बल्लेबाजी का जिम्मा संभाला है और वह खुद को बखूबी साबित करते नजर आ रहे हैं. बात करें अगर 34 पारियों के बाद अभिषेक के आंकड़ों के बारे में, तो उन्होंने 34 टी20 मैचों में खेली 33 पारियों में 37.89 के बल्लेबाजी औसत और 190.92 के स्ट्राइक रेट से 1199 रन बनाने का कारनामा किया है. इस दौरान अभिषेक ने 2 शतक और 7 अर्धशतक ठोकने का रिकॉर्ड स्थापित किया है. 

विराट कोहली 
भारत के रन मशीन और सबसे बड़े मैच विनर विराट कोहली ने टीम इंडिया के लिए कई मैच विनिंग पारियां खेली हैं. विराट कोहली ने साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप की जीत के बाद संन्यास लेने का फैसला कर लिया था. अगर बात करें 33 टी20 इंटरनेशनल पारियों के बाद कोहली के आंकड़ों की तो, उन्होंने 48.90 के बेहतरीन बल्लेबाजी औसत और 133.90 के स्ट्राइक रेट से 1271 रन बनाने का रिकॉर्ड स्थापित कर दिया था. कोहली ने 33 पारियों में 12 फिफ्टी लगाई थी.

Add Zee News as a Preferred Source

किंग कोहली हैं नंबर 1
आंकड़े देखकर आपको इस बात का अंदाजा लग ही गया होगा कि कोहली 33 पारियों के बाद अभिषेक से काफी आगे थे. इसमें कोई शक नहीं है कि अभिषेक का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है और उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ पारियों की बदौलत बेहद ही कम समय में काफी ख्याति बटोरी है.लेकिन स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के आंकड़े 33 पारियों में अभिषेक से बेहतर हैं, ऐसे में एक चीज तो साफ हो गई कोहली आज नहीं हमेशा ही शानदार खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें नंबर 1 प्लेयर क्यों कहा गया है. विराट कोहली ने 33 पारियों में अभिषेक से 72 रन ज्यादा बनाए हैं. 

ये भी पढ़ें : क्रिकेट के ग्लोबट्रॉटर्स… T20 वर्ल्ड कप में 2 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 5 स्टार खिलाड़ी