Sergio Jimenez death: स्पेन में 37 साल के स्ट्रीमर सर्जियो जिमेनेज की मौत उनके घर पर लाइव कैमरे के सामने हो गई है. यह घटना बार्सिलोना के पास विलानोवा ई ला गेल्ट्रू में 31 दिसंबर की सुबह दर्ज की गई है. पुलिस ने इसे गंभीर मामले के रूप में लिया है और जांच कर रही है कि क्या उन दर्शकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जिन्होंने पैसे देकर लाइव स्ट्रीम देखी और उन्हें खतरनाक काम करने के लिए प्रोत्साहित करने का काम किया था.
कमरे में बेहोश मिले सर्जियो
जांच में पता चला कि सर्जियो ने एक प्राइवेट, पे-पर-व्यू लाइव स्ट्रीम में हिस्सा लिया था. इस स्ट्रीम में दर्शकों ने पैसे दान किए और उन्हें खतरनाक काम करने के लिए लगातार बोल रहे थे. कई घंटे तक यह स्ट्रीम चलती रही, उसी समय सर्जियो का छोटा भाई जब कमरे में आता है तो उन्हें बेहोश पाता है और जिसके बाद उसने तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को कॉल किया. पुलिस और जांचकर्ता अब यह पता लगाने में लगे हैं कि क्या इस घटना में किसी की आपराधिक भूमिका थी.
सर्जियो अपनी मां टेरेसा के साथ रहते थे. उनकी मां ने कहा कि परिवार महीनों से उनके ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर चिंतित था. टेरेसा ने बताया कि उनका बड़ा बेटा जोर्डी, जो पाइरेनीज में रहता है, पहले ही उन्हें बता चुका था कि सर्जियो ऐसे खतरनाक वीडियो बना रहा है. मौत के समय टेरेसा ने देखा कि सर्जियो अपने कमरे में घुटनों के बल बैठा था और बुलाने पर उनका कोई जवाब नहीं आ रहा था.
प्लेट पर रखी थी कोकीन
सर्जियो का भाई डेनियल जब कमरे में पहुंचा तो पाया कि उनके पास शराब की लगभग खाली बोतल, एनर्जी ड्रिंक्स और एक प्लेट पर कोकीन रखी हुई थी. डेनियल ने बताया कि उनका भाई बिस्तर पर सिर टिकाकर बैठा था और कंप्यूटर चालू था. लाइव स्ट्रीम में आवाजें आ रही थीं जिसमें लोग पूछ रहे थे कि क्या वह हैंगओवर से उबर रहे हैं.
पुलिस मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह लाइव स्ट्रीम एक निजी ग्रुप में थी, जहां दर्शक पैसे देकर और अधिक खतरनाक काम करने की मांग कर रहे थे. अब जांच यह देख रही है कि क्या दर्शकों द्वारा किए गए भुगतान और मैसेज खतरनाक व्यवहार को बढ़ावा देने के रूप में देखे जा सकते हैं. पूरी जांच में ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतजार है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’
