News in Brief

Smriti Mandhana- Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय शानदार प्रदर्शन कर रही है. 2 नवंबर को विश्व चैंपियन बनी हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ चौथे T20I में भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए 30 रनों से मुकाबला जीतकर सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त बना ली. तिरुवनंतपुरम में खेला गया मैच स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के लिए बेहद स्पेशल रहा. 80 रनों की ताबड़तोड़ पारी के दौरान उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. स्मृति मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10000 रन पूरे कर लिए. इस मुकाम तक पहुंचने वाली वो भारत की दूसरी और दुनिया की तीसरी खिलाड़ी बनीं. 

भारत-श्रीलंका महिला T20I सीरीज के बीच स्मृति मंधाना की दोस्त जेमिमा रोड्रिगेज ने मजेदार खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के दौरान स्मृति ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को धमकी दी थी. इसके पीछे की वजह बेहद दिलचस्प है. आइए जानते हैं.

स्मृति ने क्यों दी थी हरमनप्रीत को धमकी?

Add Zee News as a Preferred Source

कौन भूल सकता है 2 नवंबर, 2025 का वो पल, जब भारतीय महिला टीम ने नवी मुंबई के डी वाई पाटील स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था. पूरे भारत में जश्न का माहौल था. मैदान पर टीम इंडिया भी खुशी से झूमते दिखी थी. तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ट्रॉफी उठाते हुए भांगड़ा भी किया था, लेकिन क्या आपको पता है कि हरमन ने ये भांगड़ा स्मृति मंधाना की धमकी के दबाव में की थी?

जेमिमा रोड्रिगेज ने किया खुलासा

ये बड़ा खुलासा स्टार महिला बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज ने कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में किया है. हालिया एपिसोड में कप्तान हरमनप्रीत कौर, कोच अमोल मजूमदार और कई स्टार खिलाड़ी पहुंची थीं. निजी कारणों से स्मृति मंधाना इस शो में नहीं पहुंचीं. खिलाड़ियों ने ड्रेसिंग रूम के कई राज खोले. सबसे दिलचस्प खुलासा जेमिमा रोड्रिगेज ने किया.

जेमिमा ने बताया, ” हैरी दी युवाओं की बात आमतौर पर नहीं सुनती हैं (मजाक में), असल में उनसे भांगड़ा कराने का प्लान स्मृति मंधाना का था. पहले तो उन्होंने मना किया, फिर स्मृति ने कहा, ‘अगर ट्रॉफी उठाते समय तुमने भांगड़ा नहीं किया, तो मैं तुमसे जिंदगी भर बात नहीं करूंगी.”

टीम इंडिया ने कैसे मनाया जश्न?

इसी शो में कपिल शर्मा ने कब पूछा कि उस रात आपने कैसे सेलिब्रेट किया तो तो उन्होंने बताया, ”जिस रात हम जीते, हम नाचते रहे, नींद ही नहीं आई. हमने जश्न का डिनर किया, जिसके बाद हम सुबह 3:30 बजे तक मैदान पर ही जश्न मनाते रहे. हालांकि, स्टेडियम की लाइटें बंद करनी पड़ीं, इसलिए हमें जाना पड़ा. हम सुबह 7:30 बजे तक साथ थे, और हम सबने पहली बार एक साथ सूर्योदय देखा.”

साउथ अफ्रीका को हराकर टीम इंडिया बनी चैंपियन

2 नवंबर को नवी मुंबई के डी वाई पाटील स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रनों का विशाल स्कोर बनाया था. शेफाली वर्मा ने 87 रनों की शानदार पारी खेली थी. इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम ने 246 रन बनाए और भारत ने 52 रन से मुकाबला जीतकर पहली बार विश्व कप पर कब्जा किया.

ये भी पढ़ें: दूसरी औरत के साथ… पाकिस्तान के स्टार क्रिकेटर ने की बेवफाई! पत्नी सानिया का छलका दर्द, बताई तलाक की बड़ी वजह