Womens T20 World Cup 2026: आयरलैंड ने ग्लोबल क्वालीफायर के सुपर सिक्स स्टेज में थाईलैंड को 62 रन से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही उसने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली. यह टूर्नामेंट इस साल जून-जुलाई के बीच खेला जाना है. आयरलैंड ने इस स्टेज में खेले गए पांच मुकाबलों में से तीन में जीत हासिल की. इसी के साथ बांग्लादेश और नीदरलैंड के बाद क्वालीफायर से चुनी जाने वाली तीसरी टीम बन गई. आयरलैंड 2023 के बाद अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खेलेगा.
आयरलैंड ने खड़ा किया था चुनौतीपूर्ण स्कोर
त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को खेले गए इस मुकाबले में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लेते हुए 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए.इस टीम की तरफ से टॉप-3 बल्लेबाजों ने सर्वाधिक रन बनाए. एमी हंटर ने 24 रन और कप्तान गैबी लुईस ने 25 रन बनाए, जबकि ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने टीम के खाते में 24 रन का योगदान दिया. थाईलैंड के लिए सुलेपॉर्न लेओमी ने 24 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें: Sports Budget 2026: भारत में युवाओं को नई उड़ान… ‘खेलो इंडिया मिशन’ हुआ लॉन्च, वित्त मंत्री ने किए बड़े ऐलान
59 रन पर थाईलैंड ढेर
इसके जवाब में थाईलैंड की टीम 16.1 ओवरों में महज 59 रन पर सिमट गई. यह टीम 8 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से नन्नापत कोंचारोएनकाई (15) ने कप्तान नारुएमोल चायवाई (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही थाईलैंड ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोगुनी हुई टीम इंडिया की ताकत, सूर्या ने विरोधियों को दिया टेंशन वाला अपडेट!
9 बल्लेबाज दहाई अंकों तक नहीं पहुंचे
थाईलैंड के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके. आयरलैंड की तरफ से अर्लीन केली ने महज 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि लारा मैकब्राइड ने 3 सफलताएं प्राप्त कीं. एमी मैगुइरे ने 2 विकेट निकाले.
