Homes Sale One Day 740 Crore: जमीन रजिस्ट्रेशन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को हॉन्ग कॉन्ग के अलग-अलग पॉश इलाकों में 5 महंगे घरों के सौदे हुए हैं. ये घर मिड-लेवल्स, वान चाई, साई कुंग और साउदर्न डिस्ट्रिक्ट जैसे इलाकों में हैं. इन सभी सौदों की कीमत 9.3 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर से लेकर 23.8 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर के बीच रही थी.
लग्जरी घरों की बढ़ी मांग
रियल एस्टेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि हॉन्ग कॉन्ग के रिहायशी बाजार में धीरे-धीरे सुधार दिख रहा है. इसी वजह से अमीर खरीदार और बड़े निवेशक तेजी से महंगे घर खरीद रहे हैं. रीकॉर्प प्रॉपर्टीज के मुताबिक लोगों को लगने लगा है कि अच्छी कीमत पर मिलने वाले लग्जरी घर अब कम होते जा रहे हैं.
लग्जरी प्रॉपर्टी की सप्लाई पहले से ही कम
रीकॉर्प प्रॉपर्टीज के रिसर्च हेड डेरेक चान होई-चिउ का कहना है कि हॉन्ग कॉन्ग में अल्ट्रा लग्जरी प्रॉपर्टी की संख्या वैसे ही बहुत लिमिटेड है. हर साल गिने-चुने प्राइम लोकेशन पर ही नए प्रोजेक्ट आते हैं. हालांकि कई पुराने लेकिन अच्छे घर लंबे समय तक मालिकों के पास ही रहते हैं.
बता दें, सरकारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर तक 1,076 स्क्वायर फीट या उससे बड़े घरों की कीमतों में साल के आखिर की तुलना में करीब 1.35 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि ये कीमतें अक्टूबर 2021 के पीक से अब भी लगभग 20 फीसदी कम हैं.
मेनलैंड चीन से फिर आ रहा पैसा
डेरेक चान के मुताबिक कीमतें पुराने रिकॉर्ड से काफी नीचे होने के कारण मेनलैंड चीन से आने वाला पैसा फिर से हॉन्ग कॉन्ग के बाजार की ओर खिंच रहा है. खरीदारों को डर है कि अच्छे घर खरीदने का मौका जल्द खत्म हो सकता है. कीमतें अब स्थिर हो चुकी हैं और धीरे-धीरे बढ़ने लगी हैं. ऐसे में देर करने पर घर और महंगे हो सकते हैं.
वान चाई का सबसे बड़ा सौदा
सोमवार के सबसे बड़े सौदे में वान चाई के ब्लैक लिंक इलाके का एक घर शामिल था. इस घर का सेल करने लायक एरिया 5,104 स्क्वायर फीट है और इसकी कीमत करीब 46,630 हॉन्ग कॉन्ग डॉलर प्रति स्क्वायर फीट आंकी गई है. इस प्रॉपर्टी में टैरेस, स्विमिंग पूल, कार पोर्ट और गेस्ट पार्किंग की सुविधा है. यह घर और इसके आसपास की जमीन न्यू ईडन कैपिटल नाम की कंपनी ने 19.05 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में खरीदी है. पिछली बार यह प्रॉपर्टी 1999 में सिर्फ 4.75 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में खरीदी गई थी.
मिड-लेवल्स में करोड़ों के सौदे
मिड-लेवल्स वेस्ट के पो शान रोड स्थित हाई पीक प्रोजेक्ट में 3,699 स्क्वायर फीट का चार कमरों वाला फ्लैट 16.26 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में बिका है. यह सौदा करीब 43,972 हॉन्ग कॉन्ग डॉलर प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से हुआ है. सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक खरीदार का नाम वू शिबिन बताया गया है जोकि झेंग आओ इंडस्ट्रियल कंपनी के डायरेक्टर हैं.
सबसे महंगा रेट वाला फ्लैट
मिड-लेवल्स के ही 21 बोरेट रोड प्रोजेक्ट में 4 बेडरूम वाला एक फ्लैट 13.84 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में बिका है. इस फ्लैट का एरिया 2,256 स्क्वायर फीट है और इसकी कीमत 61,353 हॉन्ग कॉन्ग डॉलर प्रति स्क्वायर फीट रही थी. प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से यह सोमवार का सबसे महंगा सौदा था. इस प्रॉपर्टी को LFT एसेट मैनेजमेंट नाम की कंपनी ने खरीदा है.
साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में भी बड़ा सौदा
ताई ताम के टर्टल कोव इलाके में 3,878 स्क्वायर फीट का एक घर 10.8 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में बिका था. इस घर में टैरेस, पैटियो और सर्विस यार्ड भी है. खरीदार का नाम वाइटैलिटी होल्डिंग्स लिमिटेड बताया गया है. यह प्रॉपर्टी पहले 1998 में 4.95 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में खरीदी गई थी.
5वां बड़ा सौदा करोड़ों में हुआ
मिड-लेवल्स के एस्टोरिल कोर्ट में तीन बेडरूम वाला एक फ्लैट भी इस दिन बिकने वाले टॉप 5 सौदों में शामिल रहा है. 2,888 स्क्वायर फीट के इस फ्लैट के लिए खरीदारों ने 9.28 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर चुकाए हैं. यह फ्लैट 31,233 हॉन्ग कॉन्ग डॉलर प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से बिका है. इससे पहले इसे 2006 में सिर्फ 3.29 करोड़ हॉन्ग कॉन्ग डॉलर में खरीदा गया था.
यह भी पढ़ें: बर्फ को फाड़ डालता है ये जहाज, हड्डियां तोड़ने जितने ठंडे पानी में नहाते हैं लोग, ऐसा सफर देखा नहीं होगा
