Trump warning Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में चल रहे प्रदर्शनों और कथित हत्याओं पर कड़ा रुख दिखाया है. उन्होंने कहा है, अगर ईरान ने अपने ही लोगों के खिलाफ हिंसा जारी रखी तो उसे इसके नतीजे भुगतने होंगे. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है. मारे गए लोगों के सही आंकड़े जुटाए जाएंगे.

ट्रंप का सख्त संदेश
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के डेट्रॉइट शहर में एक कार्यक्रम के बाद, पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह व्हाइट हाउस लौटकर ईरान की पूरी स्थिति की समीक्षा करेंगे. उन्होंने कहा कि अमेरिका यह जानने की कोशिश कर रहा है कि वहां वास्तव में कितने लोग मारे गए हैं. क्या हालात हैं. ट्रंप ने साफ कहा कि अमेरिका लोगों को मरते हुए नहीं देखना चाहते हैं.

ईरान के लोगों के लिए बात
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह ईरान में लोकतंत्र देखना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा कि वह वहां के लोगों के लिए थोड़ी सी आजादी चाहते हैं. उन्होंने कहा कि ईरान के लोग लंबे समय से बहुत मुश्किल हालात में जी रहे हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि पहले ईरान एक अच्छा देश था. वहां के लोग अच्छे थे और निवेश के लिए भी वह जगह बेहतर मानी जाती थी. अब हालात बहुत खराब हो चुके हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

हिंसा और फांसी की खबरों पर चेतावनी
ईरान में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा और फांसी की खबरों पर ट्रंप ने कड़ा रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि अगर हजारों लोगों को मारा जा रहा है. उन्हें फांसी दी जा रही है, तो यह ईरान के लिए अच्छा साबित नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल कुछ बातों की पुष्टि नहीं हुई है. अगर ये खबरें सही हैं तो ईरान गंभीर गलती कर रहा है.

ईरान की धमकी पर ट्रंप की प्रतिक्रिया
जब एक पत्रकार ने ईरान की उस चेतावनी के बारे में पूछा जिसमें अमेरिकी हमले की स्थिति में जवाबी कार्रवाई की बात कही गई थी, तो ट्रंप ने कहा कि ईरान पहले भी ऐसी बातें कर चुका है. उन्होंने यह दावा भी किया कि ईरान के पास अब परमाणु क्षमता नहीं बची है, उसे संभलकर चलना चाहिए.

व्हाइट हाउस का रुख
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा है कि ईरान को लेकर कई विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. जिनमें हवाई हमले भी शामिल हैं. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिका की पहली पसंद अभी भी बातचीत और कूटनीति ही है. बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से कारोबार करने वाले देशों के खिलाफ बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उसे अमेरिका के साथ होने वाले हर व्यापार पर 25 प्रतिशत टैक्स देना होगा. ट्रंप ने इसे तुरंत लागू होने वाला और अंतिम फैसला बताया है.

प्रदर्शन और मौतों का आंकड़ा
ईरान में दिसंबर के आखिर से लगातार देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 505 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है. इनमें नौ बच्चे भी शामिल हैं. इसके अलावा ईरान की सेना और सुरक्षा बलों के 133 सदस्य, एक सरकारी वकील और सात आम नागरिकों की भी जान गई है. HRANA के अनुसार, वर्तमान विरोध प्रदर्शन अपने 17वें दिन में देश भर में फैल गया है जिसमें 187 शहरों में 606 सभाएं हुई हैं.

यह भी पढ़ें: DNA: ईरान में अधिकारियों के घर क्यों लगा रेड क्रॉस? खामेनेई की खूंखार फोर्स के खिलाफ साइकोलॉजिकल वॉरफेयर