Iran Protest News: ईरान में पिछले दो हफ्ते से अधिक समय से प्रदर्शन जारी है. ईरान में महिलाएं, युवा और अन्य लोग सड़कों पर हैं और वह सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ हंगामा कर रहे हैं. इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. मंगलवार को एक अधिकारी ने दावा किया कि ईरान में जारी प्रदर्शनों में सुरक्षाकर्मियों समेत करीब 2,000 लोगों की मौत हुई है. 

दरअसल, यह पहली बार है जब ईरान के अधिकारियों ने पिछले दो हफ्ते से अधिक समय से जारी राष्ट्रव्यापी हिंसा में की गई कड़ी कार्रवाई में हुई लोगों की मौत की संख्या को स्वीकार किया है. एक ईरानी अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों की मौत के पीछे आतंकवादियों का हाथ था. उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान में प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा कि वह विरोध जारी रखें. 

ईरानी अधिकारियों के आरोप क्या हैं? 

Add Zee News as a Preferred Source

ध्यान देने वाली बात है कि कई ईरानी अधिकारियों ने आर्थिक समस्याओं को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को वैध बताते हुए कड़ी सुरक्षा कार्रवाई भी की है. वहीं, अधिकारियों का आरोप है कि अमेरिका और इजरायल ही ईरान में हो रही हिंसा के लिए जिम्मेदार हैं. यहां तक आरोप लगाए गए हैं कि कुछ अज्ञात लोगों ने इस प्रदर्शन को हाइजैक कर लिया है. 

ट्रंप ने कहा- प्रदर्शन नहीं रोकना 

ईरान में जारी प्रदर्शन के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है. ट्रंप ने ईरान में प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा कि वह ये विरोध जारी रखें. हैरान करने वाली बात है कि जहां पूरी दुनिया इश प्रदर्शन को समाप्त करने का आग्रह कर रही है, उसको ट्रंप जारी रखने के लिए कह रहे हैं. अमेर्का के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर लिखा कि ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखो, अपनी संस्थाओं पर कब्ज़ा करो!!! हत्यारों और दुर्व्यवहार करने वालों के नाम याद रखो. उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी. जब तक प्रदर्शनकारियों की बेमतलब हत्या बंद नहीं हो जाती, मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी मीटिंग रद्द कर दी हैं. मदद आ रही है. 

ईरानी शासन पर अत्याचार का आरोप 

जहां एक ओर ईरानी प्रशासन इस प्रोटेस्ट के पीछे अमेरिका और इजरायल का हाथ बता रहा है, तो वहीं, ईरान के लोगों का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों पर प्रशासन अत्याचार कर रहा है. ईरान की प्रमुख कार्यकर्ता और पत्रकार मसीह अलीनेजाद का आरोप है कि ईरान में चल रहे प्रदर्शनों के बीच ईरानी शासन बड़े पैमाने पर अत्याचार कर रहा है. इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई का भी आग्रह किया है. 

यह भी पढ़ें: जापान की राजकुमारी काको की बना दी बिकिनी इमेज, ग्रोक AI के कांड को 15 मिलियन लोगों ने देखा; क्या बोले मस्क?

बेहद खराब है ईरान की आर्थिक स्थिति

ईरान में यह हिंसा ऐसे समय पर हो रही है, जब वहां आर्थिक स्थिति काफी खराब है और कम से कम तीन वर्षों में ईरानी अधिकारियों के लिए सबसे बड़ी आंतरिक चुनौती रही है. वहीं, पिछले साल इजरायल और अमेरिका ने ईरान को निशाना बनाते हुए हमला किया था. इसके बाद हो रही ये हिंसा सवाल भी खड़े कर रही है. इस प्रदर्शन के दौरान देखा जा रहा है कि 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से सत्ता में काबिज ईरान के धार्मिक अधिकारियों ने प्रदर्शनों के प्रति दोहरा रुख अपनाने की कोशिश की है. 

हजारों लोगों की हुई गिरफ्तारी 

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ईरान के एक मानवाधिकार समूह ने मारे गए सैकड़ों लोगों की पहचान की थी और कहा था कि प्रदर्शन के बीच हजारों की संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया गया है. ईरान में बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए इंटरनेट बैन किया गया था. वहीं, पिछले हफ्ते ही प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों का वीडियो भी सामने आया था, जो काफी हैरान करने वाला था. 

यह भी पढ़ें: ‘उन्होंने यह बेहद बहादुरी से किया…,’ जंग के समय PM मोदी की यूक्रेन यात्रा से गदगद कीव, क्या अब जेलेंस्की आएंगे भारत?