
Ishan Kishan T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ भारत के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने इतिहास रच दिया. उन्होंने गुरुवार (12 फरवरी) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 20 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. किशन ने 24 गेंदों की पारी में 61 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले. उनका स्ट्राइक रेट 254.17 का रहा. किशन ने अपनी बैटिंग से टीम को 6.5 ओवर में ही 100 रन के पार पहु्ंचा दिया.
किशन ने रचा इतिहास
किशन 8वें ओवर की पहली गेंद पर गेरहार्ड इरास्मस की गेंद पर बेन शिकोंगो के हाथों कैच आउट हुए. आउट होने से पहले किशन इतिहास रच चुके थे. वह टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए. यह एक ऐसी उपलब्धि है जिसे कभी महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत जैसे विकेटकीपर भी हासिल नहीं कर पाए. किशन का यह दूसरा टी20 वर्ल्ड कप मैच था.
छह वर्ल्ड कप में धोनी के एक भी अर्धशतक नहीं
MS धोनी ने 2007 से 2016 तक छह टी20 वर्ल्ड कप खेले. उन्होंने इन नौ सालों के दौरान हर टी20 वर्ल्ड कप मैच में भारत की कप्तानी की. धोनी की कप्तानी वाली भारत ने 2007 में पहला संस्करण जीता था, जबकि टीम 2014 में रनर-अप रही थी. टी20 वर्ल्ड कप में धोनी का सर्वोच्च स्कोर 45 है, जो उन्होंने 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था.
ये भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग या रवींद्र जडेजा, कौन होगा राजस्थान रॉयल्स का कप्तान? इस दिन होगा ऐलान
पंत और कार्तिक भी फेल
ऋषभ पंत 2021 और 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भारत के फर्स्ट-चॉइस विकेटकीपर थे. दिनेश कार्तिक ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत फर्स्ट-चॉइस विकेटकीपर के तौर पर की, जिसके बाद पंत ने उनकी जगह ले ली. उनमें से कोई भी टूर्नामेंट में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए.
ये भी पढ़ें: 43 साल के क्रिकेटर ने तोड़ा सनथ जयसूर्या का हैरतअंगेज रिकॉर्ड, फिर भी टीम को मिली शर्मनाक हार
भारत ने आसानी से जीता मैच
टीम इंडिया ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए. किशन ने सबसे ज्यादा 61 और हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों पर 52 रन बनाए. भारत से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 18.2 ओवरों में 116 रनों पर सिमट गई. भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट झटके. हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए. भारत की दो मैचों में यह दूसरी जीत है और उसे 15 फरवरी को अब पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है.
