News in Brief

Virat Kohli: पूरे 15 साल बाद विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में नजर आएंगे. उन्हें शुरुआती दो मैचों के लिए दिल्ली की टीम में जगह मिली है. कोहली ऋषभ पंत की कप्तानी में जलवा दिखाएंगे. कोहली भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उस आदेश के बाद घरेलू क्रिकेट में नजर आएंगे, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया था कि टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में खेलना होगा. खासकर रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए. यही वजह है कि अब किंग कोहली 15 साल बाद इस टूर्नामेंट में नजर आएंगे.

दिल्ली की टीम में पंत, कोहली जैसे स्टार खिलाड़ियों के अलावा नितीश राणा, ईशांत शर्मा, नवदीप सैनी को भी जगह मिली है, जो भारत के लिए खेल चुके हैं. जबकि आईपीएल में कमाल कर चुके आयुष बडोनी, प्रियांश आर्य जैसे स्टार युवा प्लेयर भी शामिल हैं.

किन 2 मैचों में खेलेंगे विराट कोहली?

24 दिसंबर से विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज होगा. दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने कोहली की भागीदारी की पुष्टि की है. बताया गया है कि वो शुरुआती दो मैच खेलेंगे. अगर हम दिल्ली का शेड्यूल देखें तो उसे पहला मैच 24 दिसंबर को आंद्र प्रदेश के खिलाफ खेलना है. फिर दूसरा मैच 26 दिसंबर को गुजरात के खिलाफ होगा. पूरी संभावना है कि विराट इन्हीं दोनों मैच में मैदान पर दिख सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली के आंकड़े

जब हम कोहली के विजय हजारे ट्रॉफी में आंकड़े देखते हैं तो वो बेहद शानदार हैं. कोहली ने कुल 14 मैच खेलकर 68.25 की उम्दा औसत और 106.08 के स्ट्राइक रेट से 819 रन किए थे. इसमें 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. आखिरी दफा कोहली 2009-10 सीजन में नजर आए थे. उस सीजन उन्होंने 5 पारियों में 45.80 की औसत और 102.23 की स्ट्राइक रेट के साथ 229 रन बनाए थे. अब करीब 15 साल बाद वो एक बार फिर इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनने जा रहे हैं.

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए दिल्ली की टीम का शेड्यूल (Delhi team schedule in Vijay Hazare Trophy)

24 दिसंबर- आंध्र प्रदेश बनाम दिल्ली

26 दिसंबर- दिल्ली बनाम गुजरात

29 दिसंबर- दिल्ली बनाम सौराष्ट्र

31 दिसंबर- दिल्ली बनाम ओडिशा

3 जनवरी- दिल्ली बनाम सर्विसेज

6 जनवरी- दिल्ली बनाम रेलवे

8 जनवरी- दिल्ली बनाम हरियाणा

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 के पहले 2 मैचों के लिए दिल्ली की टीम

ऋषभ पंत (कप्तान), आयुष बडोनी (उप-कप्तान), विराट कोहली, अर्पित राणा, यश ढुल, सार्थक रंजन, प्रियांश आर्य, तेजस्वी सिंह (विकेटकीपर), नितीश राणा, रितिक शौकीन, हर्ष त्यागी, सिमरजीत सिंह, प्रिंस यादव, दिविज मेहरा, आयुष दोसेजा, वैभव कांडपाल, रोहन राणा, इशांत शर्मा, नवदीप सैनी.

ये भी पढ़ें: Vijay Hazare Trophy 2025: फिर गर्दा उड़ाने आ रहे रोहित शर्मा, खान ब्रदर्स के साथ जमाएंगे रंग, मुंबई टीम का हुआ ऐलान