Guyana Agriculture Success: जब दुनिया के बड़े-बड़े देश आज भी खाने की कई चीजों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर हैं. तब एक छोटा सा देश ऐसा भी है जो पूरी तरह अपने पैरों पर खड़ा है. यह देश अपने यहां खआने की हर चीज उगाता है. बता दें, इस देश का नाम गुयाना है. आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं.

देखा जाए तो आज के समय में दुनिया में करोड़ों लोग खाने की कमी से जूझ रहे हैं. कहीं अनाज की कमी है, तो कहीं दूध, दाल या तेल बाहर से मंगाना पड़ता है. गुयाना एक ऐसा देश बन चुका है जो अपनी पूरी आबादी का पेट खुद भर सकता है. यहां की सरकार या जनता को खाने के लिए किसी दूसरे देश पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है.

भारत से है गहरा रिश्ता
गुयाना की कुल आबादी करीब 8 लाख है. इसमें से लगभग 3.2 से 3.5 लाख लोग भारतीय मूल के हैं. 19वीं सदी में जब भारत अंग्रेजों के शासन में था तब उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के इलाकों से लोगों को गन्ने के खेतों में काम करने के लिए यहां भेजा गया था. आज उनके वंशज गुयाना के स्थायी नागरिक हैं. वहां की संस्कृति का अहम हिस्सा हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

क्षेत्रफल है गुजरात जितना
गुयाना का क्षेत्रफल लगभग भारत के गुजरात राज्य जितना है. आबादी बहुत कम है. जहां गुजरात में करीब 6 करोड़ लोग रहते हैं वहीं गुयाना में सिर्फ 8 लाख लोग हैं. इस देश का करीब 85 फीसदी हिस्सा घने जंगलों से ढका है. इन्हें आज भी सुरक्षित रखा गया है. 

बता दें कि नेचर फूड नाम की पत्रिका में छपी एक स्टडी में 186 देशों का अध्ययन किया गया. इस रिसर्च में पता चला कि दुनिया में सिर्फ गुयाना ही ऐसा देश है जो खाने की सभी जरूरी श्रेणियों में पूरी तरह आत्मनिर्भर पाया गया है.

खाने की सातों लिस्ट में आत्मनिर्भर
गुयाना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां खाने की सभी सात जरूरी श्रेणियों की चीजें देश के अंदर ही पैदा होती हैं. यहां चावल, गेहूं, मक्का जैसे अनाज होते हैं. दालें, सोयाबीन, मूंगफली और बीज भी यहीं उगाए जाते हैं. तरह-तरह की सब्जियां और फल स्थानीय खेतों से आते हैं. दूध और उससे बने प्रोडक्ट भी देश में ही बनते हैं. मांस के लिए मुर्गी, पोर्क और बीफ का प्रोडक्शन भी होता है. वहीं समुद्री और मीठे पानी की मछलियां भी पाई जाती हैं.

चावल में खास पहचान
गुयाना चावल के प्रोडक्शन में बेहद मजबूत है. यह देश अपनी जरूरत से ज्यादा चावल पैदा करता है. देश की राजधानी जॉर्जटाउन के बाजारों में जाएं तो हर तरफ स्थानीय चावल, ताजी सब्जियां, फल और मछली आसानी से मिल जाती हैं.

आपको बता दें, हैरानी की बात यह है कि अमेरिका, चीन, रूस और भारत जैसे बड़े देश भी सातों श्रेणियों में आत्मनिर्भर नहीं हैं. अमेरिका सिर्फ चार श्रेणियों में पूरी तरह सक्षम है. ब्रिटेन सिर्फ दो में है. चीन और वियतनाम छह श्रेणियों में आगे हैं. उन्हें भी डेयरी या दाल जैसी चीजें बाहर से मंगानी पड़ती हैं.

भारत कहां मजबूत और कहां कमजोर
भारत अनाज में पूरी तरह आत्मनिर्भर है. बड़ा निर्यातक भी है. दूध के मामले में भारत दुनिया में नंबर 1 है. मछली, फल और सब्जियों में भी भारत अपनी जरूरतें पूरी करता है. दालों के लिए भारत को 10 से 15 फीसदी इंपोर्ट करना पड़ता है. खाने के तेल और मेवों में भारत करीब 55 से 60 फीसदी तक बाहर पर निर्भर है.

गुयाना क्यों इतना कामयाब
गुयाना ने यह सफलता एक दिन में हासिल नहीं की है. पिछले कुछ सालों में वहां की सरकार ने खेती पर खर्च को करीब 468 फीसदी तक बढ़ाया है. देश ने सिर्फ चावल या चीनी पर ध्यान नहीं दिया. साथ में मक्का, सोयाबीन और डेयरी पर भी जोर दिया है. सिंचाई, जल निकासी, सड़कें, भंडारण और किसानों की ट्रेनिंग पर लगातार निवेश किया गया. इसलिए ही इतना सबकुछ संभव हो पाया है.

बता दें, जहां दक्षिण अमेरिका के कई देशों में खेती के लिए जंगल काटे जा रहे हैं. वहीं गुयाना ने अपने 85 फीसदी जंगलों को सुरक्षित रखा है. सीमित खेती की जमीन का सही इस्तेमाल करके उसने यह कारनामा कर दिखाया है. देखा जाए तो, गुयाना भूमध्य रेखा के पास स्थित है. जहां सालभर गर्म मौसम, अच्छी बारिश और नमी बनी रहती है. अमेजन नदी सिस्टम से आई उपजाऊ मिट्टी ने खेती को और आसान बना दिया है.

भारत जैसा खाना
गुयाना में खाने में आज भी भारत की झलक मिलती है. यहां दाल पूरी बहुत लोकप्रिय है जो बिल्कुल बिहार और पूर्वी यूपी जैसी लगती है. कढ़ी, भजिया और बारा जैसे स्ट्रीट फूड मिलते हैं. सदा रोटी और बश-अप-शर्ट नाम की रोटियां भी खूब खाई जाती हैं. चिकन, डक और पनीर करी भारतीय मसालों से बनती हैं. हालांकि कैरिबियन मिर्च का स्वाद थोड़ा अलग होता है. सात भाजी नाम का खास भोजन शादी और पूजा में बनाया जाता है. मिठाइयों में सेवई जैसी पर्मिगी और शक्करपारे जैसी मिठाई मिलती है.

हैरानी की बात ये है कि अगर कभी दुनिया का व्यापार पूरी तरह रुक भी जाए, तब भी गुयाना अपने लोगों को भूखा नहीं रहने देगा. यह देश आज दुनिया के सामने एक मिसाल बन चुका है.

यह भी पढ़ें: चेरनोबिल में फिर मंडराया मौत का साया! रूसी हमले के बाद न्यूक्लियर प्लांट की बिजली गुल, क्या टल गया 1986 जैसा महाविनाश?