News in Brief

इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

एमईआईटीवाई ने पीएम गतिशक्ति को सूक्ष्म डेटा इंटेलिजेंस के साथ मजबूत करने हेतु फोनपे के साथ साझेदारी की

प्रविष्टि तिथि: 20 AUG 2026 7:32PM by PIB Delhi

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने आज फोनपे के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय बुनियादी ढांचे से संबंधित योजना निर्माण, आर्थिक विश्लेषण और शहरी व ग्रामीण इलाकों के समग्र विकास हेतु फोनपे पल्सप्रो, जो एक एंटरप्राइज डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म है, से प्राप्त जानकारी का उपयोग करके पीएम गतिशक्ति मिशन को समर्थन प्रदान करना है।

इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत, फोनपे पल्सप्रो के मेट्रिक्स को पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान पोर्टल में शामिल किया जाएगा। इस पोर्टल को भास्करचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस एप्लीकेशन एंड जियो-इन्फॉर्मेटिक्स (बीआईएसएजी-एन) के साथ मिलकर प्रबंधित किया जाता है। इससे सरकारी योजनाकारों को फोनपे के व्यापक डिजिटल लेनदेन इकोसिस्टम से प्राप्त सूक्ष्म तथा स्थानीय स्तर की लेनदेन से संबंधित जानकारी हासिल हो  सकेगी। यह जानकारी मौजूदा डेटासेट को और बेहतर बनाएगी तथा राष्ट्रीय विकास से संबंधित योजना निर्माण के लिए स्मार्ट एवं डेटा-आधारित निर्णय लेने में मदद करेगी।

इस समझौता ज्ञापन पर अपने विचार रखते हुए, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई के सचिव श्री एस. कृष्णन ने कहा, “डेटा-आधारित इंटेलिजेंस बेहतर जानकारी के साथ योजना निर्माण और निर्णय लेने में अहम भूमिका निभा सकती है। फोनपे पल्सप्रो से मिलने वाली सूक्ष्म एवं स्थानीय स्तर की जानकारी मौजूदा डेटासेट को बेहतर बना सकती है और विभिन्न बाजारों एवं इलाकों में उभरते रुझानों के बारे में अतिरिक्त जानकारी दे सकती है। हम पीएम गतिशक्ति फ्रेमवर्क के जरिए ये जानकारियां उपलब्ध कराने की फोनपे की पहल का स्वागत करते हैं और ‘विकसित भारत’ की दिशा में भारत की यात्रा में सहयोग करते हैं।”

फोनपे पल्सप्रो एकत्रित किए गए और गुमनाम लेनदेन से संबंधित डेटा को अति-स्थानीय जानकारी (हाइपरलोकल इनसाइट्स) में बदलता है। यह विभिन्न इलाकों, श्रेणियों और बाजारों में मौजूद रुझानों की सूक्ष्म जानकारी देता है और संगठनों को उभरते रुझानों की पहचान करने तथा वास्तविक दुनिया की गतिविधियों से काम की जानकारी हासिल करने में मदद करता है।

इस समझौता ज्ञापन पर बात करते हुए, फोनपे के रणनीति प्रमुख हेड कार्तिक रघुपति ने कहा, “फोनपे पल्स के लॉन्च के बाद से हमने देखा है कि लेनदेन से मिलने वाली जानकारी बाजार और उभरते रुझानों की बेहतर समझ बनाने में कैसे मदद कर सकती है। फोनपे पल्सप्रो सूक्ष्म, अति-स्थानीय (हाइपरलोकल) एवं लगभग वास्तविक समय में बाजार संबंधी संकेतों के जरिए इस जानकारी को और आगे ले जाता है। एमईआईटीवाई को ये जानकारियां  उपलब्ध कराकर, हम एक मजबूत डेटा इकोसिस्टम बनाने और बेहतर जानकारी व सबूतों पर आधारित बुनियादी ढांचे से संबंधित योजना निर्माण में योगदान देने की उम्मीद करते हैं। हमें खुशी है कि हम व्यापक जनहित के लिए डेटा के उपयोग को संभव बनाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।”

फोनपे लिमिटेड (पहले फोनपे प्राइवेट लिमिटेड) एक ऐसी तकनीकी कंपनी है जो भुगतान, डिजिटल वितरण सेवाओं और वित्तीय सेवाओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाती है।

****

पीके/केसी/आर/एसएस  

(रिलीज़ आईडी: 2301729) आगंतुक पटल : 6

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English