Elon musk on epstein files: एलन मस्क का नाम एक बार फिर जेफरी एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेजों में सामने आने के बाद उन्होंने इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है. शनिवार को एलन मस्क ने कहा कि इस पूरे मामले में असली न्याय तभी माना जाएगा जब दोषियों को सजा मिलेगी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि केवल फाइलें जारी कर देना या कुछ नाम सामने आ जाना न्याय नहीं है. मस्क ने यह भी कहा कि वह कभी भी एपस्टीन की किसी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं. उन्होंने पहले भी कई बार मांग की है कि जिन लोगों ने एपस्टीन के साथ अपराध किए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. मस्क ने इसे लेकर कहा कि जब तक कम से कम एक गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक यह सब सिर्फ दिखावा है.

एपस्टीन की किसी पार्टी नहीं हुआ था शामिल- मस्क
एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जवाब में यह बात कही. उस पोस्ट में उन्हें ऐसा व्यक्ति बताया गया था जो इस मामले में जवाबदेही की सबसे ज्यादा आवाज उठा रहा है. मस्क ने लिखा कि अगर एक भी गिरफ्तारी होती है, तो कुछ हद तक न्याय माना जाएगा. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता, तो यह पूरी प्रक्रिया सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने वाली है. उन्होंने यह भी कहा कि असली कसौटी फाइलें जारी करना नहीं है. असली कसौटी यह है कि अपराध करने वालों पर मुकदमा चले और उन्हें सजा मिले. मस्क ने फिर दोहराया कि वह कभी भी एपस्टीन की किसी पार्टी में नहीं गए हैं.

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी न्याय विभाग से जुड़े नए दस्तावेज सामने आए हैं. इन दस्तावेजों में एलन मस्क और जेफरी एपस्टीन के बीच हुई ईमेल बातचीत का जिक्र किया गया है. इन ईमेल से यह संकेत मिलता है कि मस्क और एपस्टीन के बीच संपर्क पहले बताए गए से ज्यादा था. दस्तावेजों में यह भी सामने आया है कि साल 2012 और 2013 के दौरान एपस्टीन के निजी द्वीप लिटिल सेंट जेम्स पर जाने की संभावनाओं को लेकर बातचीत हुई थी. कुछ ईमेल में मस्क ने यह भी पूछा था कि वहां सबसे ज्यादा हलचल वाला या सबसे बड़ी पार्टी वाला दिन कौन सा होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

बयान और दस्तावेज कुछ साबित नहीं करते
हालांकि मस्क ने इन दस्तावेजों के सामने आने के बाद साफ कहा है कि उन्होंने कभी एपस्टीन की किसी पार्टी में हिस्सा नहीं लिया है. उन्होंने फिर दोहराया कि वह लंबे समय से यह मांग करते रहे हैं कि एपस्टीन से जुड़े अपराधों की सही जांच होनी चाहिए. मस्क ने कहा कि इस पूरे मामले में फाइलों को जारी करना न्याय का पैमाना नहीं हो सकता. उनके मुताबिक, जब तक अपराधियों को सजा नहीं मिलती, तब तक पीड़ितों के साथ असली न्याय नहीं होगा. उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर और घिनौने अपराधों में सिर्फ बयान और दस्तावेज काफी नहीं होते.

एलन मस्क का नाम पहले भी एपस्टीन फाइल्स को लेकर चर्चा में आ चुका है. खास बात यह है कि पिछले साल अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ सार्वजनिक विवाद के दौरान मस्क ने यह भी कहा था कि एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में ट्रंप का नाम भी मौजूद है. इस बयान के बाद उस समय भी काफी राजनीतिक और सार्वजनिक बहस छिड़ गई थी. अब एक बार फिर नए दस्तावेजों के सामने आने से यह मामला सुर्खियों में आ गया है.

एपस्टीन फाइल्स उन कानूनी और जांच से जुड़े दस्तावेजों को कहा जाता है, जो जेफरी एपस्टीन के खिलाफ दर्ज मामलों से जुड़े हैं. जेफरी एपस्टीन एक अमीर फाइनेंसर था. उस पर नाबालिग लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण का नेटवर्क चलाने के आरोप लगे थे. इन फाइलों में पीड़ितों और गवाहों के बयान, अदालत के रिकॉर्ड और उसकी निजी उड़ानों की जानकारी भी शामिल है. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कई प्रभावशाली लोगों के नाम समय-समय पर सामने आते रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ट्रंप के दावे की खुली पोल! सीनेटर वार्नर बोले- भारत-पाक ने खुद सुलझाया था विवाद, अमेरिका सिर्फ ले रहा है क्रेडिट