News in Brief

नई दिल्ली: छत्रसाल स्टेडियम (Chhatrasal stadium) में हुई मारपीट और हत्या के मामले में ओलंपिक मेडल विनर सुशील कुमार (Sushil Kumar) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पुलिस से अब तक फरार चल रहे इस पहलवान को कोई से भी तगड़ा झटका लगा है.

सुशील की जमानत अर्जी खारिज

सुशील कुमार (Sushil Kumar) ने गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी जिसे अदालत ने खारिज कर दिया है.  ऐसे में इस रेस्लर को राहत मिलने के रास्ते फिलहाल बंद हो गए हैं. अब देखना होगा कि दिल्ली पुलिस सुशील को गिरफ्तार करने में कब कामयाब होती है.

सुशील पर 1 लाख का इनाम

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने रेस्लर सुशील कुमार (Sushil Kumar) पर 1 लाख रुपये और उनके दूसरे साथी अजय पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था. गौरतलब है कि सुशील अब भी फरार हैं. हालांकि पुलिस को जानकारी मिली थी कि सुशील भागकर हरिद्वार और फिर ऋषिकेश पहुंच गए थे. 

जारी हुआ था लुकआउट नोटिस 

दिल्ली पुलिस ने पहले ही सुशील कुमार के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था. पुलिस के मुताबिक मारपीट मॉडल टाउन इलाके में एक फ्लैट को खाली कराने को लेकर हुई थी. सुशील का नाम इस मामले में नामजद हैं. दिल्ली एनसीआर के अलावा पड़ोसी राज्यों में सुशील की तलाश जारी है. लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है. सूत्रों की माने तो वो लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं. 

क्या है पूरा मामला?

पहलवान सुशील कुमार के खिलाफ दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 23 वर्षीय सागर राणा की हत्या का आरोप है. मामले में उनके और अन्य आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वॉरंट जारी किया गया है. बता दें कि सुशील और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. उनपर दबाव बनाने के लिए ससुर, पत्नी और अन्य परिजनों से भी लगातार पूछताछ जारी है.