Bangladesh Election Result: बांग्लादेश में लंबे समय बाद हुए आम चुनाव के नतीजे जारी हो चुके हैं. इस चुनाव में बांग्लादेश नेशनल पार्टी (BNP) ने 209 सीटें जीतीं तो वहीं जमात ए इस्लामी ने 68 सीटों पर कब्जा किया. बता दें कि इस चुनाव मेंअल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सीनियर BNP लीडर गायेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है. बांग्लादेशी न्यूज मीडिया के मुताबिक रॉय ने ढाका 3 सीट पर 99,163 वोट हासिल कर जमात ए इस्लामी के उम्मीदवार और अपने प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद शाहिनुर इस्लाम को हराया.
हिंसा के बीच हिंदू नेता की जीत
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों के साथ हो रही हिंसा और उत्पीड़न के बीच राजधानी ढाका में किसी हिंदू नेता की यह जीत देखी गई है. दिसंबर 2025 में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से इस समुदाय को कई हमलों का सामना करना पड़ा है, जिनमें से कुछ घातक भी रहे हैं. वहीं भारत ने बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर चिंता भी जाहिर की है. इसके अलावा कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी जमात ए इस्लामी की तरफ से मैदान में उतरे एकमात्र हिंदू उम्मीदवार को खुलना 1 निर्वाचन क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा. इस चुनावी मुकाबले में कृष्णा नंदी को 70,346 वोट मिले, जबकि BNP के उम्मीदवार आमिर एजाज खान को 1,21,352 वोट मिले.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में जमात-ए-इस्लामी को बड़ा झटका, अपने ही बूथ पर हारे पार्टी के चीफ शफीकुर रहमान
BNP की एकतरफा जीत
बता दें कि बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव में जो भी पार्टी जीतेगी वह मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की जगह लेगी. अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद अंतरिम सरकार ने ढाका की सत्ता संभाली थी, जिसके बाद से भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए थे. इस ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में BNP एकतरफा जीत की तरफ बढ़ रही है और 17 साल के अंतराल के बाद सत्ता में वापसी करने जा रही है.
ये भी पढ़ें- Bangladesh Election Result 2026 Live: 11 दलीय ‘जमात’ के गठबंधन पर भारी पड़ी बीएनपी, तारिक रहमान का PM बनना तय, 35 साल बाद बांग्लादेश को मिलेगा पुरुष प्रधानमंत्री
खतरे में हिंदुओं का जीवन
बता दें कि बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा के बीच हिंदू समुदाय या हिंदू वोटर्स ने बड़ी संख्या में BNP को वोट दिया है. इस समुदाय ने जमात ए इस्लामी को पूरी तरह से नकार दिया है. जमात के कई नेता हिंदुओं के पूजा-पाठ करने के तरीकों पर सवाल उठा चुके हैं. ऐसे में जमात को लेकर फैले अजीब से डर के बीच हिंदू मतदाताओं ने एकजुट होकर BNP पर भरोसा जताया और तारिक रहमान को वोट किया. बता दें कि बांग्लादेश में हिंदुओं की लगभग 9 प्रतिशत आबादी है. यूनुस सरकार के आने के बाद यहां अबतक 15 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है, जिसमें दीपू चंद्रा दास, बजेंद्र बिस्वास, अमृत मंडल, खोकन दास, सुबोर्णा रॉय, जोगेश चंद्र रॉय, उत्पल सरकार, प्रंतोष कर्मोकर, मिथुन सरकार, राणा प्रताप बैरागी, सरत मणि चक्रवर्ती, जॉय मोहापात्रा, समीर दास और प्रलय चाकी जैसे नाम शामिल हैं.
