Canada Gold Heist Preet Panesar: साल 2023 में कनाडा में करीब 20 मिलियन डॉलर लगभग 165 करोड़ रुपये के सोने की चोरी हुई थी. इस मामले में कनाडा की पुलिस लंबे समय से जांच कर रही है. अब इस केस में नया मोड़ आया है. कनाडा ने भारत सरकार से औपचारिक रूप से कहा है कि वह मुख्य आरोपी प्रीत पनेसर को कनाडा भेजे ताकि वहां उस पर मुकदमा चलाया जा सके.

कौन है प्रीत पनेसर
प्रीत पनेसर, जिसकी उम्र करीब 32-33 साल बताई जा रही है वह पहले एयर कनाडा में मैनेजर के पद पर काम कर चुका है. कनाडा की जांच एजेंसियों का कहना है कि इस चोरी में उसकी भूमिका बेहद अहम थी. पुलिस के मुताबिक वह इस पूरे गिरोह में सबसे ऊपर था. चोरी की योजना को अंजाम देने में उसकी बड़ी भूमिका रही है.

ईडी की कार्रवाई
पिछले साल फरवरी में मीडिया रिपोर्ट के जरिए पता चला था कि प्रीत पनेसर पंजाब में मोहाली के पास एक किराए के मकान में रह रहा है. इसके बाद ईडी ने उस जगह पर छापेमारी की और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था. ईडी अधिकारियों का कहना है कि वे कनाडा की एजेंसियों के लगातार संपर्क में हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

हवाला के जरिए पैसे आने का आरोप
ईडी का आरोप है कि गोल्ड चोरी के बाद पनेसर को भारत में हवाला के जरिए 8.5 करोड़ रुपये से ज्यादा मिले हैं. यह पैसा कथित तौर पर चंडीगढ़ और कनाडा में बैठे हवाला ऑपरेटरों के जरिए भेजा गया. जांच में यह भी सामने आया कि इस पैसे का इस्तेमाल म्यूजिक इंडस्ट्री के जरिए किया गया है. खासकर एक फिल्म के निर्माण में जिसमें पनेसर की पत्नी प्रीती शामिल थीं  जो सिंगर और एक्ट्रेस बनना चाहती हैं.

बैंक खातों का खुलासा
ईडी के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि कई लोगों और कंपनियों ने पनेसर और उसके परिवार के खातों में नकद पैसा जमा किया था. बाद में इस पैसे को एम/एस स्टार मेकर्स एंटरटेनमेंट नाम की फर्म में निवेश के तौर पर ट्रांसफर किया गया था. यह कंपनी पनेसर और उसकी पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है.

दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी
इस केस में एक और अहम आरोपी अरसलान चौधरी को 12 जनवरी को टोरंटो के पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था. कनाडा पुलिस का कहना है कि अब तक इस केस में 9 लोगों पर आरोप लगाए जा चुके हैं या उन्हें वांटेड घोषित किया गया है. इनमें से दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनमें प्रीत पनेसर भी शामिल है.

कनाडा पुलिस की जांच रिपोर्ट
कनाडा की पील रीजनल पुलिस इस मामले को प्रोजेक्ट 24K नाम से जांच रही है. पुलिस रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि प्रीत पनेसर ने एयर कनाडा के कार्गो सिस्टम का गलत इस्तेमाल किया है. उसने आने वाले सोने के शिपमेंट की पहचान की और सिस्टम में हेरफेर कर कंटेनर को बाहर निकलवाने में मदद की है.

बता दें, प्रीत पनेसर के वकील दमनबीर सिंह सोबती ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. वहीं ईडी का कहना है कि पनेसर से कई बार पूछताछ की जा चुकी है. उसके फोन से मिले मैसेज और कॉल रिकॉर्ड से कनाडा और दुबई से पैसे आने के सबूत मिले हैं.

यह भी पढ़ें: दूध को लेकर 15 साल की लड़ाई खत्म, ट्रंप ने नए कानून पर किए साइन; अब बच्चों को मिलेगा फुल क्रीम मिल्क