Ancient Cities Submerged Underwater: दुनिया में कई ऐसे बड़े शहर थे जो समुद्र में समा गए. कहीं भूकंप ने तबाही मचाई, तो कहीं समुद्र का स्तर बढ़ने से पूरा शहर डूब गया. पुरातत्वविदों ने इन जगहों पर ऐसे अवशेष खोजे हैं. उस दौर की जिंदगी की कहानी बताते हैं. बीसवीं सदी में हुई कई अहम खोजों ने यह साबित किया कि इंसानी सभ्यताएं समुद्र के नीचे भी दफन हैं. इन्हीं में से छह बड़े शहरों की कहानी आज भी लोगों को हैरान करती है. आज हम आपको उन्हीं के बारे में बताएंगे. आइए जानते हैं.
द्वारका, भारत
भारत की द्वारका भी समुद्र में डूबे शहरों में शामिल है. समुद्र के नीचे मिले पत्थर के ढांचे, लंगर और बर्तन इस बात की पुष्टि करते हैं कि यहां कभी एक बड़ा शहर और बंदरगाह था. कुछ शोधकर्ताओं का मानना है कि द्वारका 3500 से 9000 साल पुराना हो सकता है. समुद्र के स्तर में बदलाव धरती की हलचल या सुनामी की वजह से यह शहर डूब गया. आज भी आधुनिक द्वारका के पास समुद्र में इसके अवशेष मौजूद हैं. यह हिंदुओं के लिए एक बड़ा तीर्थ स्थल है.
थोनिस-हेराक्लियन, मिस्र
मिस्र का थोनिस-हेराक्लियन शहर करीब दो हजार साल तक नील नदी के मुहाने पर रेत और समुद्र के नीचे छिपा रहा था. यूनानी इसे हेराक्लियन कहते थे. मिस्र में इसका नाम थोनिस था. टॉलेमिक राजवंश के समय यह मिस्र में आने वाले यूनानी जहाजों का मुख्य बंदरगाह था. यहां अमून देवता का भव्य मंदिर भी था. फराओ को उनकी दैवी शक्ति मिलने की मान्यता थी. इतिहासकार हेरोडोटस और भूगोलवेत्ता स्ट्रैबो ने इस शहर का जिक्र किया था लेकिन समय के साथ यह शहर पूरी तरह गायब हो गया.
पोर्ट रॉयल, जमैका
जमैका का पोर्ट रॉयल कभी अपनी दौलत और ऐशो-आराम के लिए जाना जाता था. 17वीं सदी में इसे धरती का सबसे दुष्ट शहर कहा गया. यह ब्रिटिश साम्राज्य का अहम बंदरगाह था. यहां व्यापारी, समुद्री डाकू और वेश्याएं एक साथ नजर आते थे. 7 जून 1692 की सुबह एक भयानक भूकंप और सुनामी आई थी. जिसने शहर के दो-तिहाई हिस्से को समुद्र में डुबो दिया. कुछ ही पलों में चमकता शहर पानी में समा गया.
बाया, इटली
इटली का बाया शहर रोमन दौर में अमीरों की मौज-मस्ती का ठिकाना था. इसे रोमन साम्राज्य का लास वेगास भी कहा जाता है. यहां गर्म पानी के स्नानघर और शानदार विला हुआ करते थे. जहां पर बड़ी पार्टियां हुआ करती थीं. यह शहर नेपल्स के पास और माउंट वेसुवियस के नजदीक था. ज्वालामुखी क्षेत्र में होने की वजह से धीरे-धीरे जमीन धंसती चली गई. पूरा शहर समुद्र के नीचे चला गया. आज यह जगह पानी के नीचे मौजूद एक खास पुरातात्विक स्थल है जिसे लोग देख सकते हैं.
पावलोपेट्री, ग्रीस
ग्रीस के दक्षिणी हिस्से में पेलोपोनीज इलाके के साफ पानी में पावलोपेट्री नाम का शहर डूबा हुआ है. पुरातत्वविदों के मुताबिक यह दुनिया का सबसे पुराना जलमग्न शहर हो सकता है. यह कांस्य युग का शहर था. 2800 से 1200 ईसा पूर्व के बीच बसा था. यहां सड़कों, घरों और इमारतों की साफ योजना दिखती है. यही वजह है कि इसे पानी के नीचे पाया गया सबसे पुराना व्यवस्थित शहर माना जाता है.
एटलिट-याम, इजराइल
एटलिट-याम को 1984 में इजराइल के हाइफा के पास समुद्र में खोजा गया था. यहां करीब 6900 ईसा पूर्व लोग रहते थे. इसे अब तक मिली सबसे पुरानी डूबी हुई मानव बस्ती माना जाता है. यहां रहने वाले लोग खेती और मछली पकड़ने का काम करते थे. उन्होंने पत्थर से बने गहरे कुएं खोदे थे. जो आज भी पानी के नीचे मौजूद हैं और उस समय की समझ को दिखाते हैं.
यह भी पढ़ें: 150 साल बाद स्पेन में होने जा रही अनोखी बात, कौन है वो राजकुमारी जिसने 20 साल की उम्र में रच दिया इतिहास
