India Rejects Pakistan False Claims: न्यूयॉर्क में UN सुरक्षा परिषद् की एक खुली बहस के दौरान भारत ने पाकिस्तान को साफ और सख्त संदेश दिया है. भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वथनेनी ने पाकिस्तान के बयान का जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि उसका मकसद सिर्फ भारत और उसके लोगों को नुकसान पहुंचाना है. पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर गलत और भ्रामक कहानी पेश की है. हालांकि सच्चाई सबके सामने है इसके सबूत मौजूद हैं.

पहलगाम हमले का जिक्र
भारतीय राजदूत हरीश परवथनेनी ने याद दिलाते हुए कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 बेगुनाह लोगों की जान गई थी. यह हमला पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने किया था. इस हमले की निंदा खुद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने की थी. दोषियों को मदद देने वालों और साजिश रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही थी. 

ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोला भारत
राजदूत ने बताया कि भारत की जवाबी कार्रवाई पूरी तरह संतुलित और जिम्मेदार थी. इसका मकसद सिर्फ आतंकी ढांचे को तोड़ना और आतंकियों को कमजोर करना था. 7 मई 2025 की सुबह भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया. यह कदम पहलगाम हमले के जवाब में उठाया गया था.

Add Zee News as a Preferred Source

पाकिस्तान की अपील
भारत ने कहा कि 9 मई तक पाकिस्तान भारत पर, हमलों की धमकी देता रहा था. इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने खुद भारत से संपर्क कर तनाव रोकने की बात की थी. राजदूत ने यह भी कहा कि भारतीय कार्रवाई से पाकिस्तान के कई एयरबेस को भारी नुकसान हुआ है. जिनकी तस्वीरें और जानकारी पहले से सार्वजनिक हैं.

बता दें पाकिस्तान की ओर से आतंक को नया और सामान्य बताए जाने पर भारत ने कड़ा विरोध किया. भारत ने कहा कि आतंकवाद को कभी भी सामान्य नहीं माना जा सकता. किसी भी देश द्वारा आतंकवाद को अपनी नीति का हिस्सा बनाना गलत है. सुरक्षा परिषद को ऐसा मंच नहीं बनना चाहिए. जहां आतंक को सही ठहराया जाए.
बता दें, भारत ने दो टूक कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है, था और रहेगा. इस मुद्दे पर पाकिस्तान को बोलने का कोई अधिकार नहीं है. यह भारत का आंतरिक मामला है.

सिंधु जल संधि पर भारत की बात
भारत ने सिंधु जल संधि का भी जिक्र किया. भारत ने कहा कि 65 साल पहले यह समझौता अच्छे इरादे से किया गया था. लेकिन पाकिस्तान ने बार-बार युद्ध और सीमा पार आतंकवाद के जरिए इसकी भावना को तोड़ा है. इसी वजह से भारत ने इस संधि को फिलहाल रोकने का फैसला लिया है. जब तक पाकिस्तान आतंकवाद का समर्थन पूरी तरह और हमेशा के लिए बंद नहीं करता तबतक ऐसा ही रहेगा.

पाकिस्तान को सलाह
भारतीय राजदूत ने पाकिस्तान को अपने यहां कानून के हालात पर सोचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में सेना ने संविधान में बदलाव कर सत्ता पर पकड़ बनाई और अपने शीर्ष सैन्य अधिकारी को आजीवन सुरक्षा दी है. यह वहां के लोकतंत्र और कानून पर सवाल खड़े करता है.

भारत का क्या है रुख
भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून को मजबूत करना और वैश्विक संस्थाओं में सुधार बेहद जरूरी है. तभी संयुक्त राष्ट्र दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निभा पाएगा. भारत ने साफ किया कि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाता रहेगा.

यह भी पढ़ें: अचानक कौन सा ऑपरेशन चला रही PAK आर्मी? कई हजार लोगों ने छोड़ा घर; इमरान की पार्टी ने फौज को दिया 3 दिन का अल्टीमेटम