
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय

“काशी से नशा मुक्ति का संदेश जलगांव के हर गाँव तक पहुँचना चाहिए” — केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे
‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील; आध्यात्मिक संस्थाओं, संतों, प्रशासन और युवाओं के सामूहिक प्रयास पर जोर
प्रविष्टि तिथि: 09 AUG 2026 6:25PM by PIB Delhi
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ अभियान को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आज जलगांव के जिलाधिकारी कार्यालय स्थित जिला नियोजन भवन में आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, संतों एवं साधुओं, जन-प्रतिनिधियों, प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं की एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक को संबोधित किया और मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री संजय सावकारे, विधायक श्री राजू भोले, जिलाधिकारी श्री रोहन घुगे, पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत धिवारे, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती करिश्मा नायर, MY(माई) भारत के जिला युवा अधिकारी श्री अभिषेक छावड़े सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
महामंडलेश्वर स्वामी जनार्दन हरि जी महाराज ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से बैठक की शोभा बढ़ाई। विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, संतों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
“काशी से नशा मुक्ति का संदेश जलगांव के हर गाँव तक पहुँचना चाहिए”
बैठक का मार्गदर्शन करते हुए केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने जलगांव जिले में नशा मुक्ति अभियान में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “काशी से शुरू हुआ नशा मुक्ति का संदेश जलगांव के हर गाँव तक पहुँचना चाहिए। हमारे युवाओं की ऊर्जा का उपयोग नशे में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। हमारा प्रयास रहेगा कि जलगांव से शुरू हुए इस संकल्प को हर परिवार और हर युवा तक पहुँचाकर इसे एक व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया जाए। स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त युवा पीढ़ी ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति हैं। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए यह आवश्यक है कि सरकार के साथ-साथ संत, आध्यात्मिक संस्थाएँ, सामाजिक संगठन, शैक्षणिक संस्थाएँ और युवा मिलकर आगे आएँ।”
आध्यात्मिक संस्थाओं और संतों की निर्णायक भूमिका
बैठक में इस बात पर प्रकाश डाला गया कि जलगांव जिले के समाज के सभी वर्गों तक आध्यात्मिक संस्थाओं और संतों की व्यापक पहुँच को देखते हुए, नशा मुक्ति का संदेश हरेक गाँव तक पहुँचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस बात पर जोर दिया गया कि युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली, आत्म-अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन के महत्व से अवगत कराने के लिए उनके द्वारा निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाना चाहिए।
महामंडलेश्वर स्वामी जनार्दन हरि जी महाराज ने कहा कि युवाओं के चरित्र निर्माण में परिवार, समाज और आध्यात्मिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उनमें आत्मविश्वास, संस्कार और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना अति-आवश्यक है। इस जागरूकता अभियान में आध्यात्मिक संस्थाएं और संत सक्रिय रूप से भाग लेंगे।”
युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने पर फोकस
यह भी कहा गया कि नशा मुक्ति के प्रयासों में सिर्फ जागरूकता पर्याप्त नहीं है। युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्रों में सकारात्मक अवसरों से जोड़ना आवश्यक है। युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक एवं सकारात्मक कार्यों की ओर लगाने के लिए MY(माई) भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना(एनएसएस), युवा क्लबों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को आपस में समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता व्यक्त की गई।
जन-प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री श्री संजय सावकारे ने नशा मुक्ति अभियान में समाज के सभी वर्गों से सरकार के साथ सक्रिय रूप से भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा, “युवा देश का भविष्य हैं। जागरूकता के साथ-साथ, उन्हें नशे से दूर रखने के लिए सकारात्मक और रचनात्मक पहलों से जोड़ना आवश्यक है। यदि इस अभियान को जन-भागीदारी मिलती है, तो इसका प्रभाव निश्चित रूप से व्यापक होगा।”
विधायक श्री राजू भोले ने जलगांव शहर के साथ-साथ पूरे जिले के युवाओं तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए निरंतर स्थानीय स्तर पर पहल चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “नशामुक्त समाज के लिए हरेक परिवार और हरेक नागरिक को इस प्रयास में भाग लेना आवश्यक है। युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक अवसर प्रदान करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
प्रशासन और सामाजिक संगठनों के समन्वय से कार्रवाई
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए MY(माई) भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना(एनएसएस), युवा क्लबों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, खेल संस्थाओं, आध्यात्मिक संस्थाओं और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से निरंतर गतिविधियां संचालित करने पर बैठक में चर्चा की गई।
विभिन्न संगठनों से अपील किया गया कि वे अपने-अपने मंचों के माध्यम से सक्रिय रूप से भागीदारी करते हुए जलगांव जिले के प्रत्येक गांव तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएं, युवाओं में जागरूकता पैदा करें और नशे से दूर रहने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ अभियान को जलगांव जिले में एक व्यापक जन आंदोलन का रूप देने और नशा मुक्ति का संदेश हर गांव, हर परिवार और हर युवा तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।




PZJF.jpeg)
***
पीके/केसी/पीकेपी/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2296886) आगंतुक पटल : 3

