यूक्रेन युद्ध के बीच दुनिया की राजनीति पहले ही उथल-पुथल में है, लेकिन अब अमेरिका और पोलैंड के रिश्तों में भी अचानक तल्खी आ गई है. वजह बनी एक तीखी टिप्पणी, जिसने वॉशिंगटन को झल्ला दिया और सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ ला दी. मामला इतना बढ़ गया कि डिप्लोमैटिक जुबानी जंग खुलकर सामने आ गई.

क्या है पूरा मामला?
पोलैंड की संसद के निचले सदन सीज्म के स्पीकर व्लोडजिमिएर्ज़ चार्ज़ास्टी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर सीधा हमला बोला. मामला उस चिट्ठी से जुड़ा है, जिसे अमेरिकी हाउस स्पीकर माइक जॉनसन और इज़रायल के स्पीकर ने कई देशों के संसद प्रमुखों को भेजा था. इसमें ट्रंप को 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित करने का समर्थन मांगा गया था. चार्ज़ास्टी ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने साफ कहा- “ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार नहीं हैं.” यहीं नहीं, उन्होंने ट्रंप की विदेश नीति को ‘पावर पॉलिटिक्स’ और ‘ट्रांजेक्शनल डिप्लोमेसी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि ट्रंप ताकत के दम पर फैसले थोपते हैं.

अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का लगाया आरोप
चार्ज़ास्टी यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि ट्रंप अक्सर अंतरराष्ट्रीय कानूनों की अनदेखी करते हैं. ग्रीनलैंड जैसे मुद्दों पर अमेरिका के रवैये को गलत बताया और यहां तक कहा कि ट्रंप प्रशासन ने पोलैंड के सैनिकों की भूमिका को भी पर्याप्त सम्मान नहीं दिया. स्पीकर ने दो टूक कहा- “मैं ट्रंप के नोबेल नामांकन का समर्थन नहीं करूंगा, क्योंकि वे इसके लायक नहीं हैं.”

Add Zee News as a Preferred Source

अमेरिकी एंबेसडर भड़के, रिश्ता तोड़ने की धमकी
चार्ज़ास्टी की यह टिप्पणी अमेरिका के एंबेसडर टॉम रोज़ को बुरी तरह चुभ गई. उन्होंने गुरुवार को X पर तीखा पोस्ट करते हुए लिखा- “अब से व्लोडजिमिएर्ज़ चार्ज़ास्टी से कोई डीलिंग, कोई संपर्क, कोई संवाद नहीं होगा.” रोज़ ने बयान को “बिना उकसावे का अपमान” बताते हुए ट्रंप को “पोलैंड का व्हाइट हाउस में अब तक का सबसे बड़ा दोस्त” करार दिया और चेतावनी दी कि ऐसे बयान पोलैंड सरकार को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं.

PM डोनाल्ड टस्क की दो टूक
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क भी चुप नहीं बैठे. उन्होंने भी X पर एंबेसडर रोज़ को जवाब दिया- “सहयोगी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, लेक्चर नहीं देते. कम से कम पोलैंड में हम साझेदारी को ऐसे ही समझते हैं.” इसके बाद रोज़ ने पलटवार करते हुए कहा कि टस्क अमेरिका के अच्छे दोस्त हैं, लेकिन चार्ज़ास्टी के बयान उनकी सरकार को नुकसान पहुंचा सकते हैं. उन्होंने साफ कहा कि ट्रंप का अपमान करना किसी भी पोलिश नेता की “आख़िरी चीज़” होनी चाहिए.

आख़िर इतना बवाल क्यों?
यूक्रेन युद्ध के चलते पोलैंड की स्थिति पहले ही संवेदनशील है. उसे अमेरिका के सैन्य और रणनीतिक समर्थन की सख्त जरूरत है. ट्रंप पोलैंड में अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ाने की बात कर चुके हैं और राष्ट्रपति करोल नवरोकी के साथ उनके रिश्ते भी अच्छे बताए जाते हैं. ऐसे में ट्रंप के खिलाफ खुली आलोचना वॉशिंगटन को नागवार गुज़री. दूसरी ओर, चार्ज़ास्टी अपने बयान पर अड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका का सम्मान करते हैं, लेकिन अपनी राय नहीं बदलेंगे. विपक्षी पार्टी लॉ एंड जस्टिस इस मुद्दे को टस्क सरकार के खिलाफ हथियार बनाने में जुट गई है.

सोशल मीडिया पर मीम्स की बरसात
डिप्लोमैटिक तनाव के बीच सोशल मीडिया यूज़र्स ने खूब मज़े लिए. कोई लिख रहा है- “ट्रंप को नोबेल नहीं मिला, लेकिन एंबेसडर का गुस्सा फ्री में मिल गया!” तो किसी का कहना है कि चार्ज़ास्टी ने बस वो कहा, जो कई देश सोचते हैं.

नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर ट्रंप की ‘दीवानगी’
डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर बेहद उत्साहित रहे हैं. उनके करीबी लगातार यह संदेश देते रहे हैं कि ट्रंप खुद को वैश्विक शांति का सबसे बड़ा दावेदार मानते हैं. इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके समर्थन में लॉबिंग भी तेज़ हुई. अब एक बार फिर नोबेल को लेकर ट्रंप की सक्रियता चर्चा में है.

दुनिया का ‘दादा’ बनने की ट्रंप की रणनीति
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यूक्रेन युद्ध से लेकर मिडिल ईस्ट तक ट्रंप की हर सक्रियता एक ही रणनीति का हिस्सा है कि खुद को दुनिया की राजनीति का सबसे ताकतवर चेहरा बनाना, ताकि वैश्विक मंच पर अमेरिका की धाक सीधे उनके नाम से चले. फिलहाल इतना तय है कि अमेरिका-पोलैंड के बीच यह डिप्लोमैटिक ड्रामा अभी और लंबा खिंचने वाला है.