News in Brief

मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में स्मार्ट ग्रीन एक्वाकल्चर फार्म और अनुसंधान संस्थान तथा अत्याधुनिक एक्वाकल्चर सिस्टम (आरएएस) का उद्घाटन किया

प्रविष्टि तिथि: 05 JAN 2026 9:30PM by PIB Delhi

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी एवं पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के कंदुकुर मंडल में स्मार्ट ग्रीन एक्वाकल्चर फार्म एवं अनुसंधान संस्थान और अत्याधुनिक रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (आरएएस) इकाई का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी एवं अल्पसंख्यक राज्य मंत्री श्री जॉर्ज कुरियन, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी एवं पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और तेलंगाना सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री श्री वकिति श्रीहरि उपस्थित थे।

भारत के पहले वाणिज्यिक स्तर के उष्णकटिबंधीय रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (आरएएस) पर आधारित रेनबो ट्राउट मछली फार्म फार्म और अनुसंधान संस्थान का उद्घाटन भारतीय मत्स्य पालन के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस संस्थान ने निर्णायक रूप से यह सिद्ध कर दिया है कि रेनबो ट्राउट जैसी उच्च मूल्य वाली ठंडे पानी की प्रजातियों का पालन उष्णकटिबंधीय जलवायु में सटीक इंजीनियरिंग, नियंत्रित जैविक प्रणालियों और उन्नत जल पुनर्चक्रण प्रौद्योगिकियों का उपयोग करके पूरे वर्ष किया जा सकता है। इस उपलब्धि ने इस पारंपरिक धारणा को बदल दिया है कि उच्च गुणवत्ता वाली मछली प्रजातियां केवल विशिष्ट जलवायु क्षेत्रों तक सीमित होती हैं। इसके साथ ही यह भी सिद्ध हुआ है कि मत्स्य पालन की सफलता में मुख्य भूमिका जलवायु की नहीं, बल्कि अपनाए गए उन्नत तकनीकी उपायों की होती है।

यह परियोजना एक लाइव प्रशिक्षण और प्रदर्शन मंच के रूप में भी कार्य करती है जो युवाओं को उन्नत मत्स्य पालन प्रणालियों, स्वचालन और जैव सुरक्षा में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है। इसके माध्यम से मत्स्य पालन उद्योग की मानव पूंजी को सशक्त बनाया जाएगा।

इससे पहले श्री राजीव रंजन सिंह ने हैदराबाद स्थित नोवोटेल होटल में राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी) के शासी निकाय की 12वीं वार्षिक आम बैठक की अध्यक्षता की।

इस बैठक में हरियाणा सरकार के मत्स्य पालन, कृषि एवं किसान कल्याण एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने गुरुग्राम जिले के सुल्तानपुर गांव में एनएफडीबी के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए एनएफडीबी को 5 एकड़ भूमि हस्तांतरण का दस्तावेज सौंपा। इस क्षेत्रीय केंद्र का उद्देश्य उत्तर भारत के अंतर्देशीय राज्यों में मत्स्य पालन विकास को बढ़ावा देना है।

***

पीके/केसी/बीयू/एसके

(रिलीज़ आईडी: 2211718) आगंतुक पटल : 9

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu