
IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आगाज रोमांचक अंदाज में हुआ. टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में 48 रन से बड़ी जीत दर्ज की. भारतीय टीम की तरफ से अभिषेक शर्मा ने तूफानी पारी खेली. लास्ट में रिंकू सिंह ने अपनी बैटिंग से महफिल लूट ली. लेकिन एक आसान कैच छोड़ने के चलते चर्चा में आए. हालांकि, मैच के बाद उन्होंने अपने कैच पर खुलकर बात की. रिंकू के अलावा ईशान किशन ने भी एक बड़ा कैच छोड़ा.
रिंकू सिंह की दमदार पारी
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह की तूफानी पारियों के दम पर 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए. भारत ने 27 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे. यहां से अभिषेक शर्मा ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 99 रन जुटाते हुए भारत को 126 के स्कोर तक पहुंचा दिया. सूर्या 22 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 35 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों के साथ 84 रन बनाए. रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन की नाबाद पारी खेली.
रिंकू ने छोड़ा कैच
भारत की तरफ से दो कैच छूटे. 11वें ओवर में बुमराह गेंदबाजी कर रहे थे और चैपमैन ने एक बड़ा शॉट खेला. बाउंड्री पर खड़े रिंकू सिंह के हाथ में आसान कैच था लेकिन हाथ से फिसल गया. हालांकि, मैच टीम इंडिया की पकड़ में था, ऐसे में इस कैच का भारी नुकसान नहीं झेलना पड़ा. ईशान किशन ने 19वें ओवर में एक कैच छोड़ा, हालांकि तब भारतीय टीम जीत की दहलीज पर खड़ी थी.
ये भी पढ़ें.. 44 बार 200 रन…टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ काटा गदर,खड़ा किया सबसे बड़ा स्कोर
क्या बोले रिंकू?
रिंकू ने कहा, ‘मुझ पर प्रेशर था क्योंकि मैं टीम में अंदर-बाहर हो रहा था. प्लान था कि सिंगल लेंगे और फिर बड़े शॉट खेलेंगे. साथ ही, आखिर तक टिके रहना था, मैंने वही किया. GG सर ने मुझसे कहा कि इरादा बनाए रखना. कैच छूटने पर उन्होंने कहा, ‘यहाँ लाइट्स में कोई दिक्कत नहीं थी, मैंने बस एक कैच छोड़ दिया और इसमें चिंता की कोई बात नहीं है. हम इस कॉन्फिडेंस और मोमेंटम को वर्ल्ड कप में आगे ले जाना चाहते हैं और उसे जीतना चाहते हैं. मैं अर्शदीप पाजी के साथ बैटिंग कर रहा था और प्लान था कि जब गेंदें हमारी रेंज में हों तो बाउंड्री मारें.’
