Babar Azam: ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे बिग बैश लीग 2025-26 में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की फजीहत का सिलसिला जारी है. पहले शाहीन अफरीदी को बल्लेबाजों ने तहस-नहस कर बर्बाद किया. फिर मोहम्मद रिजवान को धीमी गति से रन बनाने की वजह से कप्तान ने गुस्से में रिटायर्ड आउट कर दिया. उसके बाद पाकिस्तान के धुरंधर बल्लेबाज बाबर आजम की बीच मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ ने बेइज्जती कर दी.
BBL 2025-26 में बाबर आजम की सरेआम बेइज्जती से पाकिस्तानी फैंस बौखलाए हुए हैं. अब उन्हीं के देश के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने भारत के सुपरस्टार विराट कोहली का जिक्र कर बाबर को आईना दिखाया है. उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि अगर कोहली होते तो स्टीव स्मिथ का बाप भी सिंगल लेने से मना नहीं करता. आइए जानते हैं, आखिर पूरा मामला क्या है?
बाबर आजम के साथ स्मिथ ने किया कांड!
BBL 2025-26 में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेल रहे बाबर आजम के साथ शुक्रवार, 16 जनवरी को कांड हो गया. इस बार उनका मजाक विरोधी टीम ने नहीं, बल्कि उनके साथी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने बनाया. दरअसल, 11वें ओवर में पाकिस्तानी बल्लेबाज लगातार तीन गेंद डॉट खेलने के बाद आखिरी बॉल पर सिंगल लेना चाहते थे. हालांकि स्टीव स्मिथ ने रन लेने से साफ इनकार कर दिया. बाबर इससे काफी खफा हो गए. स्मिथ चाहते थे कि अगले ओवर में वो खुद स्ट्राइक पर रहे और तेजी से रन बनाए.
सिक्सर्स ने 12वें ओवर से पावरसर्ज (दो ओवर का पावरप्ले) शुरू किया और स्मिथ ने इसमें 32 रन बनाए. बाबर आजम ये सब दूसरे छोर से देखते रहे. इसके बाद जब वो स्ट्राइक पर आए तो पहली गेंद पर ही क्लीन बोल्ड हो गए. ड्रेसिंग रूम जाते वक्त वो काफी गुस्से में दिखे और बाउंड्री लाइन पार करते समय बल्ला भी पटका.
बासित अली ने दिखाया आईना
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने इस मामले पर रिएक्शन देते हुए बाबर आजम की फटकार लगाई है. उन्होंने लाइव शो पर कहा, ”स्मिथ ने अगले ओवर में साबित कर दिया कि उनका फैसला सही था. एक पल तो मुझे लगा कि वो उस ओवर में 6 छक्के मार देगा. अगर विराट कोहली, बाबर आजम की तरह सिंगल लेना चाहते, तो स्टीव स्मिथ का बाप भी सिंगल ले लेता.”
बासित अली ने आगे कहा कि आपने अपने खेल से अपनी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है. इससे पाकिस्तान का नाम खराब नहीं हुआ है. ऐसा कहने वाले मूर्ख हैं. बाबर बिग बैश खेलने इसलिए गए क्योंकि उन्हें वहां आमंत्रित किया गया था, न कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें भेजा था.
ये भी पढ़ें: 43.5 ओवरों में 328 रन की पार्टनरशिप, अंडर 19 वर्ल्ड कप में बना प्रचंड रिकॉर्ड, विकेट के लिए तरसते रहे गेंदबाज
