Jamaat candidate Krishna Nandi Full Details: बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद 12 फरवरी को आम चुनाव होने जा रहे हैं. शेख हसीना की अवामी लीग चुनाव से बाहर है, जबकि बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी पूरी ताकत झोंक रही हैं. इसी बीच बांग्लादेश की राजनीति में इन दिनों एक नाम खूब गूंज रहा है- कृष्णा नंदी. जो भी इस खबर को पढ़ रहा है, हैरान हो रहा है. इस्लामी पार्टी जमात जो हमेशा रूढ़िवादी छवि वाली रही, उसने पहली बार एक हिंदू को अपना उम्मीदवार बनाया है. जिसके बाद हर कोई हैरान है. 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनाव में खुलना-1 सीट से लड़ रहे नंदी ने सबको चौंका दिया है. उनका बयान तो और भी चौंकाने वाला है, वे कहते हैं, उनकी पार्टी सत्ता में आई तो न शरिया कानून थोपा जाएगा और न ही हिंदुओं या किसी अल्पसंख्यक पर जुल्म होगा. लेकिन क्या ये सिर्फ चुनावी जुमला है या असली बदलाव? चलिए, थोड़ा गहराई से समझते हैं पूरी कहानी.

कौन हैं ये कृष्णा नंदी, जो इतिहास रच रहे हैं?
तमाम मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कृष्णा नंदी कोई साधारण आदमी नहीं हैं. वे खुलना जिले के दुमुरिया उपजिला से ताल्लुक रखते हैं और एक सफल बिजनेसमैन हैं. 2003 से जमात-ए-इस्लामी से जुड़े हुए हैं और फिलहाल पार्टी की हिंदू विंग के अध्यक्ष हैं. ये सीट खुलना-1 (डकोप-बाटियाघाटा) हिंदू बहुल इलाका है, जहां हिंदू वोटरों की अच्छी-खासी तादाद है. पार्टी ने उन्हें यहां से उतारा है, ताकि अल्पसंख्यकों को लुभाया जा सके. नंदी का कहना है कि वे पार्टी में इसलिए आए क्योंकि जमात भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ लड़ती है. अल जजीरा में छपे उनके लेख में वे लिखते हैं, “मैं कृष्णा नंदी हूं. मैं हिंदू हूं. मैं बिजनेसमैन हूं. मैं जमात-ए-इस्लामी का संसदीय उम्मीदवार हूं.”  ये शब्द खुद-ब-खुद उनकी कहानी बयां करते हैं. वे कहते हैं, उनकी उम्मीदवारी ही सबूत है कि जमात अब पुरानी छवि से बाहर निकल रही है. लेकिन ये आसान नहीं था. पार्टी की संविधान के मुताबिक, गैर-मुस्लिम सिर्फ एसोसिएट मेंबर बन सकते हैं, फुल मेंबर नहीं. फिर भी, नंदी को टिकट मिला, जो एक बड़ा कदम है.

कुछ लोग इसे पार्टी की अल्पसंख्यकों को लुभाने की चाल कहते हैं, तो कुछ असली बदलाव. नंदी खुद कहते हैं, “हम एक्सट्रीमिज्म का रास्ता छोड़ चुके हैं. हम महिलाओं को सपोर्ट करते हैं.” 

Add Zee News as a Preferred Source

 यानी, वे पार्टी को मॉडर्न दिखाने की कोशिश में लगे हैं.उनका बड़ा दावा: ‘हिंदू सुरक्षित रहेंगे, कोई जुल्म नहीं’

नंदी का सबसे बड़ा वादा ये है कि अगर जमात सत्ता में आई, तो बांग्लादेश में शरिया कानून नहीं लगेगा. वे साफ कहते हैं, “नहीं, जमात शरिया लागू नहीं करेगी. हम सबको साथ लेकर चलेंगे.”  अल जजीरा में उन्होंने लिखा, “अगर जमात पावर में आती है, तो कोई हिंदू को बांग्लादेश छोड़ने या भारत जाने पर मजबूर नहीं किया जाएगा. बल्कि, वे सम्मान, सुरक्षा और समान नागरिकता के साथ रहेंगे.” 

 वे 2024 की छात्र क्रांति का जिक्र करते हुए कहते हैं कि उस वक्त जब अल्पसंख्यक डर रहे थे, तो जमात के सदस्यों ने हिंदुओं और उनके मंदिरों की रक्षा की है. नंदी मुस्लिमों को लेकर भी सकारात्मक हैं. वे मानते हैं कि पार्टी इस्लामी मूल्यों पर आधारित है, लेकिन न्याय और मानव गरिमा किसी एक धर्म की मिल्कियत नहीं. “हम भ्रष्टाचार, हिंसा और जबरदस्ती से दूर रहकर सभी के लिए न्यायपूर्ण राज्य बनाएंगे,” वे कहते हैं.  लेकिन आलोचक संदेह करते हैं. जमात की पुरानी छवि, जहां वो शरिया की वकालत करती थी, वो भुलाई नहीं जाती. कुछ रैलियों में महिलाओं को पर्दे के पीछे बिठाने और कैश बांटने के आरोप लगे हैं. 

 फिर भी, नंदी की उम्मीदवारी अल्पसंख्यकों में थोड़ा विश्वास जगाने की कोशिश है.चुनावी मैदान में क्या होगा असर?बांग्लादेश में ये चुनाव शेख हसीना के तख्तापलट के बाद पहला है. जमात अब 11-पार्टी गठबंधन में है और पोल्स में 30-34% सपोर्ट दिख रहा है. 

 नंदी जैसे कैंडिडेट से पार्टी अपनी इमेज चेंज करने की कोशिश कर रही है. लेकिन हिंदू वोटर डिवाइडेड हैं – कुछ BNP, कुछ कम्युनिस्ट पार्टी को वोट देंगे. X पर यूजर्स कह रहे हैं कि नंदी जीत सकते हैं या नहीं, लेकिन ये कदम बड़ा है.  कुल मिलाकर, ये कहानी बताती है कि राजनीति में बदलाव आ रहा है, लेकिन असली टेस्ट चुनाव के बाद होगा. क्या नंदी की जीत से हिंदू-मुस्लिम एकता मजबूत होगी? वक्त बताएगा.