Who Is Reza Pahlavi: ईरान में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच एक बार फिर रजा पहलवी का नाम चर्चा में है. ईरान के अंतिम शाह मोहम्मद रजा पहलवी के बेटे रजा पहलवी वर्तमान में निर्वासन में रह रहे हैं, लेकिन वे खुले तौर पर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की सत्ता को चुनौती दे रहे हैं. 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद देश छोड़ने वाले रजा पहलवी अब खुद को ईरान में लोकतांत्रिक बदलाव की आवाज के रूप में पेश कर रहे हैं.
ईरान के अंतिम सम्राट के बेटे हैं रजा
बता दें, रजा पहलवी का जन्म 31 अक्टूबर 1960 को तेहरान में हुआ था. वे ईरान के अंतिम सम्राट मोहम्मद रजा पहलवी और महारानी फराह पहलवी के सबसे बड़े बेटे हैं. 1967 में उन्हें औपचारिक रूप से ईरान का क्राउन प्रिंस घोषित किया गया था. उस समय यह माना जा रहा था कि भविष्य में वे अपने पिता के बाद ईरान की गद्दी संभालेंगे. हालांकि, 1979 की इस्लामी क्रांति ने ईरान की राजनीतिक दिशा ही बदल दी.
अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी के नेतृत्व में हुई इस्लामी क्रांति के दौरान शाह मोहम्मद रजा पहलवी के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन खड़ा हुआ. बढ़ते विरोध और अस्थिरता के बीच जनवरी 1979 में शाह परिवार को ईरान छोड़ना पड़ा. कुछ ही महीनों बाद शाह मोहम्मद रजा पहलवी का निधन हो गया और ईरान में इस्लामिक गणराज्य की स्थापना हुई. उसी समय से रजा पहलवी निर्वासन में हैं और अमेरिका में रह रहे हैं.
निर्वासन के बावजूद रजा पहलवी खुद को ईरानी राजनीति से अलग नहीं रखते. वे लंबे समय से ईरान में लोकतंत्र, मानवाधिकार और धर्मनिरपेक्ष शासन की वकालत करते रहे हैं. उन्होंने बार-बार कहा है कि वे सत्ता के लिए नहीं, बल्कि ईरानी जनता को अपने भविष्य का चुनाव करने का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. रजा पहलवी यह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि वे खुद को किसी राजशाही की वापसी का प्रतीक नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय एकता के मंच के रूप में देखते हैं.
हाल के दिनों में ईरान में आर्थिक संकट, महंगाई, बेरोजगारी और राजनीतिक दमन के खिलाफ भड़के प्रदर्शनों के बीच रजा पहलवी ने खुलकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ईरानी जनता से सड़कों पर डटे रहने की अपील की और कहा कि खामेनेई का शासन कमजोर हो रहा है. उनके अनुसार, सुरक्षा बलों के भीतर भी असंतोष बढ़ रहा है और कई जवान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से इनकार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: 2009, 2019, 2022 और अब… सड़कों पर जनता, बैरकों में फैसले! ईरान की वो जादू की छड़ी जिसके आगे दम तोड़ देते हैं आंदोलन
रजा पहलवी ने यह भी दावा किया है कि ईरानी आंदोलन को विदेशों में बसे लाखों ईरानियों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि ईरानी जनता अब डर के शासन को स्वीकार करने को तैयार नहीं है और बदलाव अब जरूरी है. दूसरी ओर, ईरानी सरकार रजा पहलवी को विदेशी ताकतों का समर्थक बताती है और अमेरिका व इजराइल पर अशांति भड़काने का आरोप लगाती रही है. ईरान का आधिकारिक रुख है कि देश में हो रहे विरोध प्रदर्शन बाहरी हस्तक्षेप का परिणाम हैं.
ट्रंप ने फिर दी ईरान चेतावनी
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में चल रही घटनाओं को देखते हुए अमेरिका कड़े कदम उठाने पर विचार कर रहा है. रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई है कि वहां आम नागरिकों की मौत हो सकती है, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने हालात की गहराई से समीक्षा शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: तो ट्रंप ने ईरान को सबक सिखाने का कर लिया फैसला? इजरायल में पक रही है खिचड़ी है, चल रही तैयारी
रविवार को फ्लोरिडा से व्हाइट हाउस लौटते समय एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि जो हालात दिख रहे हैं, उनसे लगता है कि कुछ ऐसे लोग मारे गए हैं, जिन्हें मारा नहीं जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि वहां जो लोग सत्ता में हैं वे नेतृत्व करने के बजाय हिंसा के सहारे शासन कर रहे हैं.
