अमेरिका की फेडरल कोर्ट में जब किसी केस को “लगभग हारा हुआ” मान लिया जाता है, तब एक नाम अक्सर चर्चा में आता है- बैरी जे पोलैक. वही बैरी पोलैक, जिन्होंने विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को सालों की कैद और प्रत्यर्पण के खतरे से बाहर निकाला और अब वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के सबसे बड़े कानूनी संकट में उनके मुख्य वकील बने हैं. अमेरिकी कोर्टरूम में उन्हें यूं ही नहीं ‘चाणक्य’ कहा जाता है. उन्होंने जो काम किए हैं उनकी चर्चा बहुत होती है. अब आइए जानते हैं आखिर कौन हैं बैरी पोलैक,  बैरी पोलैक को मादुरो ने क्यों चुना. 

बैरी पोलैक कौन हैं?
बैरी जे. पोलैक अमेरिका के टॉप क्रिमिनल डिफेंस वकीलों में शुमार हैं. वे हैरिस, सेंट लॉरेंट एंड वेचस्लर LLP फर्म के पार्टनर हैं और 30 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं. वे हाई-प्रोफाइल, विवादित और जियोपॉलिटिकल केस लड़ने के लिए मशहूर हैं. चैंबर्स USA उन्हें “गहराई से सोचने वाला वकील” बताता है जो “ट्रायल में जीता, सोता और सांस लेता है”. वे नेशनल एसोसिएशन ऑफ क्रिमिनल डिफेंस लॉयर्स के पूर्व प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं. 

मादुरो ने क्यों चुना बैरी पोलैक?
निकोलस मादुरो पर अमेरिका में नार्को-टेररिज्म, ड्रग तस्करी की साजिश और कोकीन आयात जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं. ऐसे मामलों में जहां अमेरिकी न्याय विभाग पूरी ताकत झोंक देता है, वहां मादुरो ने किसी सामान्य वकील पर भरोसा नहीं किया.
बैरी पोलैक को इसलिए चुना गया क्योंकि वे ऐसे वकील माने जाते हैं जो कानून से ज्यादा सिस्टम को पढ़ते हैं और कमजोर दिख रहे केस में भी बचाव की मजबूत दीवार खड़ी कर देते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

जूलियन असांजे केस से मिली पूरी दुनिया में पहचान
बैरी पोलैक का नाम दुनियाभर में तब गूंजा, जब उन्होंने जूलियन असांजे के लिए अमेरिका से सीधी और बेहद जटिल बातचीत की. सालों तक चले जासूसी कानून (Espionage Act) के मुकदमे में असांजे को राहत दिलाने वाले के पीछे पोलैक की रणनीति ही थी. कानूनी विशेषज्ञ मानते हैं कि यह ऐसा केस था, जिसमें अमेरिका पीछे हटेगा. इसकी कल्पना भी मुश्किल थी. लेकिन पोलैक ने “नामुमकिन” को मुमकिन कर दिखाया.

हारे हुए केस जीतने के मास्टर
पोलैक ने कई ‘असंभव’ केस जीते हैं, जिनमें कुछ केस निम्न है:
एनरॉन स्कैंडल में एक पूर्व एग्जीक्यूटिव को फ्रॉड आरोपों से पूरी तरह बरी करवाया. एनरॉन केस में केवल दो ही बरी हुए थे.
मार्टिन टैंकलेफ की गलत मर्डर सजा पलटवाई, जो 17 साल जेल काट चुके थे, और बाद में 13.4 मिलियन डॉलर मुआवजा दिलवाया.
कई व्हाइट-कॉलर क्राइम, पब्लिक करप्शन और एंटीट्रस्ट केस में क्लाइंट्स को बचाया.

निकोलस मादुरो का नया चैलेंज
जनवरी 2026 में अमेरिकी मिलिट्री ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार मादुरो ने पोलैक को अपना मुख्य वकील चुना है. जो न्यूयॉर्क फेडरल कोर्ट में मादुरो का बचाव कर रहे हैं.  वे सॉवरेन इम्यूनिटी (विदेशी राष्ट्राध्यक्ष की छूट) और ‘मिलिट्री अब्डक्शन’ की गैरकानूनी होने की दलील दे रहे हैं. मादुरो पर नारको-टेररिज्म और ड्रग तस्करी के आरोप हैं.

क्यों हैं पोलैक ‘कोर्टरूम का चाणक्य’?
पोलैक जूरी ट्रायल में महारथ रखते हैं और मुश्किल स्थितियों में भी अच्छे नतीजे निकालते हैं. वे प्रो बोनो (फ्री) केस भी लड़ते हैं और जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर में पढ़ाते हैं. उनकी रणनीति गहराई वाली और क्लाइंट-फोकस्ड होती है.