Storm Goretti: यूरोप इन दिनों एक ऐसे मौसमीय तूफान से जूझ रहा है जिसकी रफ्तार और असर दोनों ही खतरनाक साबित हो रहे हैं.इस तूफान का नाम है स्टॉर्म गोरेटी, जिसे मौसम विशेषज्ञ सीधे-सीधे ‘वेदर बम’ कह रहे हैं. वेदर बम यानी ऐसा मौसम सिस्टम जो अचानक तेज होकर कम समय में बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा दे. अटलांटिक से उठे इस तूफान ने ब्रिटेन, फ्रांस और आसपास के कई देशों की रफ्तार जैसे रोक दी है.
ब्रिटेन में रेड अलर्ट, लोगों को चेतावनी
ब्रिटेन के मौसम विभाग मेट ऑफिस ने तूफान की गंभीरता को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. रेड अलर्ट का मतलब सीधा-सीधा जान का खतरा. यह चेतावनी मुख्य रूप से कॉर्नवाल और आइल्स ऑफ सिली के लिए जारी हुई है, जहां हवाएं 100 एमपीएच (160 किमी/घंटा) तक पहुंच सकती हैं. इसके साथ ही पूरे देश के कई हिस्सों में अंबर और येलो अलर्ट भी लागू हैं, जहां भारी बारिश, जमावदार ठंड और तेज बर्फबारी की आशंका जताई गई है.
उड़ानें रद्द, ट्रेनें बंद, यात्रा बनी खतरनाक
तूफान ने सबसे ज्यादा असर परिवहन पर डाला है.लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर अकेले ब्रिटिश एयरवेज ने 25 डिपार्चर और 27 अराइवल फ्लाइट रद्द कर दी हैं. कई रनवे बंद कर दिए गए हैं और बाकी उड़ानें घंटों की देरी से उड़ रही हैं.सड़कें बर्फ और तेज हवाओं से खतरनाक हो गई हैं.कई जगह ट्रेनों को रोकना पड़ा है, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा बीच में ही अटक गई.
फ्रांस में भी बर्फ और तूफान का कहर
फ्रांस के कई इलाकों में बर्फबारी इतनी तेज है कि बस और ट्राम सेवाएं रोक दी गई हैं.पेरिस और इल-दि-फ्रांस इलाके में दिनभर की आवाजाही लगभग ठप रही.दुकानों, कार्यालयों और स्कूलों में भी कम भीड़ नजर आई.
विशेषज्ञ बोले- यह सामान्य तूफान नहीं, बड़ी चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गोरेटी जैसी घटनाएं अब तेजी से बढ़ रही हैं और यह जलवायु परिवर्तन के बड़े संकेत हो सकते हैं.तेज हवाओं, बर्फ और समुद्री लहरों की वजह से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा भी जताया जा रहा है. (इनपुट आईएएनएस से)
