
नई दिल्ली: भारत के इंग्लैंड दौरे के लिए स्टैंड बाई चुने गए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) और अनुभवी स्पिनर अमित मिश्रा (Amit Mishra) कोविड-19 से उबर गए हैं. ये दोनों गेंदबाज इस महीने के शुरू में निलंबित इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) के दौरान इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ गए थे.
मिश्रा का परीक्षण चार मई को पॉजिटिव आया था. उसी दिन लीग को अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया था. कृष्णा आठ मई को संक्रमित खिलाड़ियों की सूची में शामिल हुए थे.
प्रसिद्ध कृष्णा और अमित मिश्रा ने जीती जंग
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सूत्रों ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘प्रसिद्ध कृष्णा कोविड-19 से उबर गए हैं’.
दिल्ली कैपिटल्स के लेग स्पिनर मिश्रा ने ट्विटर पर बीमारी से उबरने की जानकारी दी तथा चिकित्सा कर्मियों का आभार व्यक्त किया.
उन्होंने ट्वीट किया, ‘वास्तविक नायक हमारे अग्रणी कार्यकर्ता हैं. बीमारी से उबरने के बाद मैं यही कह सकता हूं कि आप जो कुछ कर रहे हैं मैं उसकी दिल से सराहना करता हूं. आप और आपके परिजन जो बलिदान कर रहे हैं हम उसके लिये बहुत आभारी हैं’.
भारत में 24 घंटे में अब तक की सबसे ज्यादा मौत
भारत में कोविड-19 (Covid-19 in India) से होने वाली मौत के आंकड़ों में रोजाना बढ़ोतरी जारी है और पिछले 24 घंटे में 4525 लोगों ने अपनी जान गंवाई है, जो महामारी की शुरुआत से लेकर सर्वाधिक संख्या (Record Coronavirus Death) है. इससे पहले 18 मई को जारी आंकड़ों के अनुसार देशभर में 24 घंटे में 4329 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 12 मई को 4205 मरीजों ने अपनी जान गंवाई थी.
