News in Brief

क्रिकेट फैंस को आज दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के चौके और छक्के देखने को मिलेंगे. 15 साल बाद विराट कोहली भारत के घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने उतरेंगे. आंध्र और दिल्ली के बीच आज विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर खेला जाएगा. विराट कोहली पहले ही T20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. इस टूर्नामेंट के जरिए विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज की तैयारी करेंगे.

15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे विराट

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. विराट कोहली ने इस वनडे सीरीज से पहले विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने का फैसला किया है. 15 साल बाद विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में कोई मैच खेलेंगे. विराट कोहली को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम में शामिल किया गया है और उम्मीद है कि वह दो मैच खेलेंगे. वह ऋषभ पंत की कप्तानी में खेलेंगे. बता दें कि BCCI के निर्देश के मुताबिक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों को खाली समय में घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

16000 रन पूरे कर लेंगे विराट कोहली

विराट कोहली ने आखिरी बार विजय हजारे ट्रॉफी साल 2010 में खेली थी. विजय हजारे ट्रॉफी न्यूजीलैंड सीरीज से पहले विराट कोहली के लिए अच्छी मैच प्रैक्टिस का काम करेगी. विजय हजारे ट्रॉफी में आज विराट कोहली आंध्र के खिलाफ इस मैच में 1 रन बनाते ही इतिहास रच देंगे. विराट कोहली LIST-A क्रिकेट में अपने 16000 रन पूरा कर लेंगे. LIST-A क्रिकेट में 16000 रन के रिकॉर्ड तक पहुंचने वाले विराट कोहली भारत के दूसरे और दुनिया के 9वें बल्लेबाज होंगे. विराट कोहली के नाम फिलहाल 342 LIST-A मैचों में 15999 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. विराट कोहली ने इस दौरान 57 शतक और 84 अर्धशतक लगाए हैं.

सचिन के क्लब में होगी विराट की एंट्री

विराट कोहली LIST-A क्रिकेट में 16000 रन पूरा करते ही महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के खास क्लब में शामिल हो जाएंगे. भारत में अभी तक केवल सचिन तेंदुलकर ने ही LIST-A क्रिकेट में 16000 या उससे ज्यादा रन बनाने का कमाल किया है. सचिन तेंदुलकर ने 551 LIST-A मैचों में 21999 रन बनाए थे. इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने 60 शतक और 114 अर्धशतक लगाए. रोहित शर्मा की बात करें तो वह इस मामले में बहुत पीछे हैं. रोहित शर्मा के नाम फिलहाल 350 LIST-A मैचों में 13758 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. रोहित शर्मा ने इस दौरान 36 शतक और 74 अर्धशतक लगाए हैं.

LIST-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

1. ग्राहम गूच – 22211 रन

2. ग्रीम हीक – 22059 रन

3. सचिन तेंदुलकर – 21999 रन

4. कुमार संगकारा – 19456 रन

5. विव रिचर्ड्स – 16995 रन

6. रिकी पोंटिंग – 16363 रन

7. गॉर्डन ग्रीनिज – 16349 रन

8. सनथ जयसूर्या – 16128 रन

9. विराट कोहली – 15999 रन

10. एलन लैम्ब – 15658 रन