Iran Protests: ईरान में बिगड़ते हालात और बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच कई भारतीय नागरिक शुक्रवार देर रात ईरान से लौटकर नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे. उनकी वापसी भारत सरकार द्वारा जारी उस एडवाइजरी के बाद हुई जिसमें ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से मौजूदा हालात को देखते हुए देश छोड़ने की अपील की गई थी. विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि वह ईरान की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है. 

लोगों ने भारत सरकार और दूतावास को आभार किया व्यक्त

ईरान से लौटे कई लोगों ने वहां की स्थिति को बेहद खराब बताया और सुरक्षित वापसी में मदद के लिए भारत सरकार और भारतीय दूतावास का आभार जताया. एक लौटे हुए भारतीय नागरिक ने कहा कि वहां हालात बहुत खराब हैं. भारत सरकार और दूतावास ने पूरा सहयोग किया और हमें जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की जानकारी दी. एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि बीते कुछ हफ्तों में हालात तेजी से बिगड़े. उन्होंने कहा कि हम वहां करीब एक महीने से थे लेकिन पिछले एक-दो हफ्तों में दिक्कतें बढ़ गईं. बाहर निकलने पर प्रदर्शनकारी कार के सामने आ जाते थे. इंटरनेट बंद था, जिससे हम अपने परिवारों या दूतावास से संपर्क नहीं कर पा रहे थे और काफी चिंता में थे.

जम्मू-कश्मीर के रहने वाले एक तीसरे नागरिक ने विरोध प्रदर्शनों से जुड़े खतरे पर जोर देते हुए कहा कि वहां प्रदर्शन खतरनाक थे. भारत सरकार ने बहुत अच्छा प्रयास किया और खासकर छात्रों को सुरक्षित वापस लाया. हवाई अड्डे पर लौटने वालों के परिवारजन उन्हें लेने के लिए मौजूद थे. एक परिवार अपनी चाची का इंतजार कर रहा था जो तीर्थयात्रा पर ईरान गई थीं. एक रिश्तेदार ने कहा कि हमें मोदी सरकार पर पूरा भरोसा था. हम बहुत खुश हैं कि हमारे परिवार का सदस्य सुरक्षित भारत लौट रहा है.

ये भी पढ़ें: ईरान के बाद अब ट्रंप ने गाजा के लिए उठाया बड़ा कदम, कर दिया शांति बोर्ड बनाने का ऐलान

अपनी भाभी का इंतजार कर रहे एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि ईरान में युद्ध जैसे हालात थे और इंटरनेट बंद था. हम उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे थे और बहुत चिंतित थे. हम भारत सरकार के आभारी हैं कि उन्होंने इन मुश्किल हालात में उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की. एक अन्य परिवार के सदस्य ने बताया कि उनकी मां और चाची कई दिनों से संपर्क में नहीं थीं. उन्होंने कहा कि तीन दिनों से उनसे बात नहीं हो पा रही थी, इसलिए हम चिंतित थे. आज वे भारत लौट रही हैं.

ये भी पढ़ें: ब्रिटेन की संसद में गूंजा बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या का मुद्दा, सांसद बॉब ब्लैकमैन ने यूनुस सरकार से की कार्रवाई की मांग

इससे पहले, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बदलते हालात का हवाला देते हुए छात्रों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों समेत सभी भारतीय नागरिकों को विशेषकर वाणिज्यिक उड़ानों के जरिए ईरान छोड़ने की सलाह दी थी. वहीं, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने अगली सूचना तक भारतीयों को ईरान की यात्रा से बचने की कड़ी सलाह दी है और 5 जनवरी की एडवाइजरी को दोहराया है, जिसमें लोगों से सतर्क रहने और विरोध प्रदर्शनों से दूर रहने को कहा गया था. गौरतलब है कि ईरान में अशांति की शुरुआत 28 दिसंबर को तेहरान के ग्रैंड बाजार में ईरानी रियाल में भारी गिरावट के बाद हुई थी, जो बाद में देशभर में फैल गई. मुद्रा संकट के साथ-साथ पानी की गंभीर कमी, बिजली कटौती, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई ने हालात को और खराब कर दिया है.