News in Brief

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में लगभग हफ्ताभर बाकी है. सभी टीमों ने अपनी कमर कस रखी है और अब यूएसए की टीम ने भी स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. इस स्क्वॉड में उस खिलाड़ी का चयन हुआ है जिसके खून में क्रिकेट है और दिल में हिंदुस्तान है क्योंकि ये खिलाड़ी भारतीय मूल से आता है. टीम इंडिया की जर्सी का सपना सच नहीं हुआ तो यूएसए की उड़ान भर ली और अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना डेब्यू करने के लिए तैयार है. पापा और दादा भी क्रिकेट रहे जिन्होंने भारतीय क्रिकेट में जान झोंक दी थी. 

कौन है ये खिलाड़ी?

ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि भारतीय घरेलू क्रिकेट सर्किट में मुंबई की ओर से खेल चुके शुभम रंजने हैं. रंजने एक गौरवशाली क्रिकेट परिवार से आते हैं. उनके दादा, वसंत रंजने ने 1958 और 1964 के बीच सात टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जबकि उनके पिता, सुभाष रंजने महाराष्ट्र के तेज गेंदबाज थे जिन्होंने इंडिया ए के लिए भी खेला था. शुभम मुंबई के अलावा गोवा के लिए भी क्रिकेट खेले लेकिन इसके बाद उन्होंने यूएसए जाने का फैसला किया.

Add Zee News as a Preferred Source

7 फरवरी से शुरू होगा टी20 वर्ल्ड कप

भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएस को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां इस टीम का सामना पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड्स और भारत से होगा. वर्ल्ड कप की तैयारी के मद्देनजर, यूएसए ने परिस्थितियों में ढलने के लिए श्रीलंका में एक लंबा ट्रेनिंग कैंप लगाया है. यूएसए अपना कैंपेन 7 फरवरी को मुंबई में भारत के खिलाफ शुरू करेगा. इसके बाद 10 फरवरी को टीम का सामना पाकिस्तान से होगा, जिसके बाद 13 फरवरी को टीम नीदरलैंड से भिड़ेगी। 15 फरवरी को उसका सामना नामीबिया से होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2024 से 10 प्लेयर्स

इस टीम में 15 में से 10 ऐसे खिलाड़ी हैं जो टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेले थे. टीम की कमान मोनांक पटेल को सौंपी गई है. रंजने टीम के लिए चार वनडे मैच खेलने के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट में अपना इंटरनेशनल डेब्यू करना चाहेंगे. उनके अलावा, मोहम्मद मोहसिन और शेहान जयसूर्या यूएसए के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करना चाहेंगे. यूएसए दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को तैयार है। साल 2024 में इस टीम ने 2009 के चैंपियन पाकिस्तान को शिकस्त देकर बड़ा उलटफेर किया था.

ये भी पढे़ं.. इस खिलाड़ी ने ठोके हैं इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के, दुनिया में है नंबर 1

टी20 वर्ल्ड कप के लिए यूएसए की टीम

मोनांक पटेल (कप्तान), जेस्सी सिंह (उपकप्तान), एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर, सैतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुश केंजीगे, शैडली वैन शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन और शुभम रंजने.