News in Brief

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने एक बार फिर हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर पर जमकर निशाना साधा है. मनोज तिवारी ने रोहित शर्मा को भारत की वनडे कप्तानी से हटाने के फैसले की खुले तौर पर आलोचना की है और सुझाव दिया है कि हेड कोच गौतम गंभीर ने इस फैसले में बड़ी भूमिका निभाई होगी. मनोज तिवारी की गौतम गंभीर के साथ लंबे समय से दुश्मनी रही है.

पूर्व क्रिकेटर ने गौतम गंभीर पर साधा निशाना

मनोज तिवारी का मानना ​​है कि सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर उनका अपमान किया है. रोहित, जिन्होंने जून 2024 में T20I और पिछले साल मई में टेस्ट से संन्यास ले लिया था, वनडे में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और 2027 वर्ल्ड कप से पहले अपने चरम पर लग रहे थे. फिर भी, जब अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया वनडे के लिए भारत की टीम की घोषणा की गई, तो शुभमन गिल को नया कप्तान बनाया गया. इस फैसले से कई लोग हैरान थे, खासकर इसलिए क्योंकि रोहित ने कप्तान के तौर पर अपने आखिरी मैच में भारत को ICC चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी.

Add Zee News as a Preferred Source

‘गंभीर ने अगरकर के कंधे पर रखकर चलाई बंदूक’

मनोज तिवारी का मानना ​​है कि अजीत अगरकर जो भारत के चीफ सेलेक्टर हैं, एक मजबूत पर्सनैलिटी हैं और अकेले ही मुश्किल फैसले लेने में सक्षम हैं, लेकिन रोहित को हटाने में गंभीर का असर भी हो सकता है. मनोज तिवारी ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि इसका बड़ा कारण क्या है, लेकिन अजीत अगरकर एक मजबूत पर्सनैलिटी हैं. वह फैसला लेने वाले हैं. वह ऐसे कदम उठाने में पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन क्या उन पर किसी का दबाव था कि किसी और ने उनके कंधे पर बंदूक रखकर चलाई, यह हमें देखना होगा.’

कभी गंभीर के साथ हुई थी लड़ाई

साल 2015 में मनोज तिवारी और गौतम गंभीर के बीच दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में एक घरेलू मैच के दौरान बहस हो गई थी. दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को मारने तक की धमकी दे डाली थी. विवाद के दौरान गौतम ने मनोज को धमकी देते हुए कहा था कि शाम को मिल तुझे मारूंगा. जबाव में मनोज ने भी गुस्साकर कह दिया था, ‘शाम क्या अभी बाहर चल.’ इन विवादों की वजह से मनोज तिवारी हमेशा चर्चा में रहे. फरवरी 2024 में मनोज तिवारी ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया. फिलहाल वे राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हैं और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री हैं.