Bangladesh News: बांग्लादेश की यूनुस सरकार ने शेख हसीना को सत्ता से बेदखल करने वाले प्रदर्शनकारियों को खास छूट दी है. अंतरिम सरकार ने गुरुवार को एक अध्यादेश की मंजूरी दी है, जिसके तहत उन प्रदर्शनकारियों को अभियोजन से छूट दी गई है, जिन्होंने 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना यानी अवामी लीग सरकार को गिराने में अहम किरदार अदा किया था. यहां तक कि सरकार ने उन लोगों को क्रांतिकारी/योद्धा कहा है.

कानूनी सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि क्रांतिकारियों को ‘जुलाई जन विद्रोह संरक्षण और जवाबदेही अध्यादेश’ के तहत विद्रोह के दौरान सियासी बदले के मकसद से किए गए कृत्यों के लिए क्षतिपूर्ति दी गई थी. उन्होंने कहा कि हमने इस बारे में पहले ऐला कर दिया था. नजरुल ने कहा कि ‘सियासी बदले’ का मतलब ‘फासीवादी सरकार को उखाड़ फेंककर लोकतांत्रिक शासन प्रणाली को बहाल करने के लिए जुलाई क्रांतिकारियों के जरिए किए गए काम थे.’

किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं होगा

नजरुल के मुताबिक अगर अब तक कोई मामला दर्ज किया गया है तो सरकार उसे वापस लेगी और उन लोगों के खिलाफ कोई नया मामला भी दर्ज नहीं किया जा सकता. हालांकि सलाहकार ने आगे यह भी कहा कि कानून उन लोगों को नहीं बख्शेगा जिन्होंने जुलाई और अगस्त में किसी निजी स्वार्थ के लिए दूसरों का कत्ल किया.

Add Zee News as a Preferred Source

कैसे गिरी शेख हसीना की सरकार?

बता दें कि लगातार 15 वर्षों तक सत्ता में रहने वाली शेख हसीना को छात्र आंदोलन के दौरान 5 अगस्त को उखाड़ फेंक दिया था. सरकारी नौकरियों के कोटा सिस्टम और कथित पक्षपात के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुए, यूनिवर्सिटी कैंपस से सड़क तक आंदोलन हुए, यही आंदोलन बाद में सरकार विरोधी जनआंदोलन में बदल गया, जो धीरे-धीरे उग्र हो गए. नौबत यहां तक कि आ गई लोग प्रधानमंत्री आवास में घुस गए और वहां पर जमकर तोड़फोड़ भी की. हालांकि शेख हसीना वक्त रहते प्रधानमंत्री आवास छोड़कर भारत के लिए रवाना हो चुकी थीं, जो अभी तक भारत में हैं.