1971 Royal Party and Pahlavi Empire: ईरान में पिछले दो हफ्तों से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं. लोगों की नाराजगी की वजह बढ़ती हुई महंगाई बताई जा रही है. प्रदर्शनकारी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई के खिलाफ नारे लगा रहे हैं. इसी बीच क्राउन प्रिंस रजा पहलवी ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मदद की गुहार लगाई है. उनका कहना है कि इस्लामिक रिपब्लिक शासन की सरकार अगर गिर जाती है तो फिर से ईरान में वो खुशहाली ला सकते हैं जो पहलवी साम्राज्य के शासनकाल में हुआ करता था. 

कौन हैं क्राउन प्रिंस रजा पहलवी?
रजा पहलवी ईरान के आखिरी शाह, मोहम्मद रजा पहलवी के बेटे हैं. 1979 में जब ईरान में इस्लामिक क्रांति हुई, तब वह क्राउन प्रिंस थे. क्रांति के बाद शाह को देश छोड़ना पड़ा और तब से रजा पहलवी विदेश में रह रहे हैं. वर्तमान में वह अमेरिका में रहते हैं. रजा पहलवी खुद को एक लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और स्वतंत्र ईरान का समर्थक बताते हैं. वे किसी राजनीतिक पद पर नहीं हैं, लेकिन ईरान की मौजूदा इस्लामिक शासन व्यवस्था के प्रमुख आलोचकों में से एक हैं.

पहलवी राजवंश ईरान का आखिरी शाही परिवार था, जिसने 1925 से 1979 तक देश पर शासन किया था. इसे रेजा शाह पहलवी ने शुरू किया और उनके बेटे मोहम्मद रजा शाह पहलवी ने आगे बढ़ाने का काम किया था. इस दौरान ईरान में आधुनिक सुधार हुए, धर्मनिरपेक्ष नीतियां अपनाई गईं और देश का विकास हुआ. लेकिन 1979 में हुई इस्लामिक क्रांति के बाद यह राजवंश खत्म हो गया और शाह को देश छोड़कर भागना पड़ा.

Add Zee News as a Preferred Source

क्यों हुई थी 1979 की क्रांति?
मोहम्मद रजा पहलवी आधुनिक सोच के शासक थे. सत्ता में आते ही उन्होंने अमेरिका की मदद से ईरान में राष्ट्रीय विकास कार्यक्रम शुरू करने का काम किया था, जिसे उन्होंने श्वेत क्रांति कहा था. इस दौरान सड़कें, रेल और हवाई नेटवर्क का विस्तार हुआ, कई बांध और सिंचाई परियोजनाएं बनाईं गई थी, महिलाओं को भी ज्यादा आजादी दी गई और उन्हें खुलकर जीने का अधिकार मिला था. लेकिन यह आधुनिक सोच वहां के इस्लामी मौलानों को पसंद नहीं आई. उन्होंने शाह पर भ्रष्टाचार, तेल और संपत्ति के असमान वितरण और जबरन पश्चिमीकरण के आरोप लगाना शुरू कर दिया था. 

मौलानाओं को डर था कि शाह ईरान की परंपराओं और धर्म को कमजोर कर देंगे. मोहम्मद रजा शाह चाहते थे कि ईरान पश्चिमी देशों की तरह आधुनिक और विकसित बनें. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग में बड़े सुधार किए, लेकिन इस सोच ने कई मौलानों को नाराज कर दिया था. उनकी नीतियों और पश्चिमी संबंधों के कारण मौलानों ने उन्हें अमेरिका का पिट्ठू कहकर विरोध करना शुरू कर दिया. उनका कहना था कि शाह देश को पूरी तरह पश्चिमी कंट्रोल में ले जानें का काम कर रहे हैं और ये इस्लाम के लिए खतरा है.

1971 की पार्टी भी क्रांति की वजह
1971 में ईरान का सबसे मशहूर पार्टी चर्चे में आया था. जिसे ईरान के शाह मोहम्मद रजा पहलवी ने फारसी साम्राज्य की 2500वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाया था. जिसमें करीब 100 मिलियन डॉलर का खर्च आया था. इस फिजूलखर्ची ने ईरान में जनता के असंतोष की भावना को काफी बढ़ा दिया था. जो आगे चलकर 1979 की इस्लामिक क्रांति का कारण बन गया था.

क्यों बनी थी सबसे मशहूर पार्टी?
पहलवी शासक खुद को साइरस और दारियस जैसे सम्राटों का उत्तराधिकारी मानते थे. जिसके कारण उन्होंने फारस साम्राज्य के अपने 2500 साल पूरे होने के जश्न में ऐसा भव्य प्रदर्शन किया कि आज भी इसे शाही दिखावे की अंतिम चरम सीमा बताया जाता है. शाह ने शाही डिनर का आयोजन उस वीरान रेगिस्तान में किया था, जो शीराज शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर था. वहां पानी की कमी थी और छांव भी नहीं थी. फिर भी शाह का सपना था कि पर्सेपोलिस को एक बार फिर से जिंदा किया जाए.

इसलिए उन्होंने 160 एकड़ क्षेत्र में रेशम का विशाल टेंट सिटी बनवाने का काम किया था. इन्हें गोल्डन सिटी का नाम दिया गया था. इन टेंट्स के लिए कुल 37 किलोमीटर लंबा फ्रेंच सिल्क इस्तेमाल किया गया था. साथ ही जश्न में 50,000 यूरोपीय चिड़ियों को भी शामिल किया गया था. इसका मकसद था संगीत और नेचर का अद्भुत संगम तैयार करना था. हालांकि, ये आयोजन इतनी गर्मी में हुआ कि ये चिड़ियां कुछ ही दिनों में मर गईं थी.

600 वीआईपी मेहमान हुए थे शामिल
पार्टी में करीब 600 वीआईपी मेहमान शामिल थे. इन मेहमानों में प्रिंसेस ग्रेस और प्रिंस रेनियर भी मौजूद थे. ब्रिटेन की राजकुमारी ऐनी और प्रिंस फिलिप भी पार्टी में आए थे. साथ ही अमेरिका के उपराष्ट्रपति स्पाइरो ऐग्न्यू भी इस भव्य आयोजन में शामिल हुए थे. अफ्रीकी सम्राट हाइले सेलासी अपने 72 दासों और शाही कुत्ते के साथ आए थे. जिसके गर्दन पर हीरे से जड़ा पट्टा था. कहा जाता है कि इस पार्टी में राजा-महराजाओं की भीड़ उमड़ गई थी.

मौका भले ही ईरानी इतिहास का था, लेकिन खाना फ्रेंच स्टाइल का था. शाह यह दिखाना चाहते थे कि ईरान अब आधुनिक राष्ट्र है. भोजन परोसने के लिए 120 वेटर, 40 शेफ, और 150 टन आधुनिक रसोई का सामान फ्रांस से लाया गया था. कुल 18 टन खाना तैयार किया गया था. इसमें 2700 किलो मांस, 30 किलो ईरानी कैवियार, और बर्फ के ट्रक शामिल थे. पीने की बात करे तो 2,500 बोतल शैंपेन, 1,000 बोतल बोर्डो वाइन, और 1,000 बोतल बर्गंडी वाइन रखी गई थी. भोजन का आयोजन कुल 5 घंटे से अधिक चला था. यह शाही भोज इतना भव्य था कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया.

जनता का गुस्सा
तीन दिन तक यह शाही जलसा चलता रहा. मेहमान तो लौट गए, लेकिन शाह को अपने ही देश की जनता का सामना करना पड़ा. मीडिया में खबरें आईं कि इस पार्टी पर 100 मिलियन डॉलर खर्च किए गए थे. जो आज के हिसाब से यह करीब 500 मिलियन डॉलर बनते हैं. जिसे भारतीय रुपयों में कनवर्ट करें तो ये लगभग 4,150 करोड़ रुपये बनते हैं. ईरान में गरीबी पर जी रहे लोगों को जब इस खर्च की भनक लगी,
तो उनका गुस्सा भड़क उठा.

खुमैनी को हुआ इसका फायदा
अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी को शाह पहलवी का विरोधी माना जाता था. वो शिया धर्मगुरु थे. उस वक्त खुमैनी विदेश में निर्वासित जिंदगी बिता रहे थे. शाही पार्टी की भव्यता का फायदा उन्हें मिला. साथ ही लोगों का समर्थन धीरे-धीरे उनके पक्ष में बढ़ने लगा था. पार्टी के बाद, शाह और उनकी राजशाही के खिलाफ प्रदर्शन तेज होने लगे. जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता गया, और हालात इतने बिगड़ गए कि 1979 में शाह को अपने परिवार के साथ देश छोड़ना पड़ा.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’