US fighter Jets Greenland: अमेरिका ने साफ किया है कि वह जल्द ही ग्रीनलैंड के पिटुफिक स्पेस बेस पर अपने सैन्य विमान भेजने वाला है. यह जानकारी नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड NORAD ने दी है. NORAD के मुताबिक ये विमान अमेरिका और कनाडा में मौजूद दूसरे सैन्य ठिकानों से उड़ान भरने वाले विमानों के साथ मिलकर क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कामों में हिस्सा लेंगे.
सुरक्षा योजनाओं का हिस्सा
अमेरिकी सेना ने यह भी कहा है कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है. लंबे समय से चली आ रही सुरक्षा योजनाओं का हिस्सा है. इस पूरी गतिविधि को डेनमार्क के साथ मिलकर अंजाम दिया जा रहा है. ग्रीनलैंड की स्थानीय सरकार को भी पहले से इसकी जानकारी दे दी गई थी. हालांकि सेना ने यह नहीं बताया कि विमान किस तारीख को वहां पहुंचेंगे लेकिन समय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
यूरोपीय देशों को टैरीफ की धमकी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड को लेकर लगातार सख्त बयान दे रहे हैं. उन्होंने यूरोप के कई देशों पर भारी टैरिफ लगाने की धमकी दी है. ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका को ग्रीनलैंड खरीदने की अनुमति नहीं दी गई तो डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, नीदरलैंड और फिनलैंड पर फरवरी से 10 प्रतिशत और जून तक 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जाएगा. उनका कहना है कि जब तक कोई समझौता नहीं होता है, ये टैरिफ लागू रहने वाले हैं.
यूरोप की तीखी प्रतीक्रिया
ट्रंप के इन बयानों के बाद यूरोप में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है. यूरोपीय संसद की अध्यक्ष रोबर्टा मेटसोला ने साफ कहा कि ग्रीनलैंड बिक्री के लिए नहीं है. उन्होंने कहा कि यूरोप, डेनमार्क और ग्रीनलैंड के लोगों के साथ है. ग्रीनलैंड की संप्रभुता और सीमा का सम्मान किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के रास्ते हमेशा खुले रहने चाहिए.
बता दें, इस बीच डेनमार्क ने भी अपनी ओर से कदम उठाए हैं. डेनमार्क सरकार ने ग्रीनलैंड में अतिरिक्त सैनिक तैनात किए हैं. जिससे सुरक्षा मजबूत की जा सके. वहीं डेनमार्क के रक्षा मंत्री ट्रोल्स लुंड पॉल्सन ने कहा है कि उनका देश नाटो के साथ मिलकर ग्रीनलैंड में निगरानी अभियान शुरू करने का प्रस्ताव रख चुका है. इस योजना को लेकर नाटो और ग्रीनलैंड प्रशासन से बातचीत आगे बढ़ रही है. हालांकि फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने यह चिंता खारिज की है कि अमेरिका ग्रीनलैंड पर कब्जा करने के लिए ताकत का इस्तेमाल करेगा.
यह भी पढ़ें: क्या वेनेजुएला जैसी होगी ईरान की हालत? US कर रहा घातक घेराबंदी, मिडिल ईस्ट में उतरे दो और C-17 ग्लोबमास्टर
