भारत में बर्फबारी का मजा लेने के लिए लोग कश्मीर, हिमाचल या उत्तराखंड का रुख करते हैं. यहां बर्फ गिरते ही सैलानी खुश हो जाते हैं, कैमरे निकल आते हैं और ठंड भी रोमांच बन जाती है. लेकिन दुनिया में कुछ जगहें ऐसी भी हैं, जहां बर्फ खूबसूरती नहीं, बल्कि आफत बन जाती है. रूस के कामचटका प्रायद्वीप में हाल ही में हुई भीषण बर्फबारी ने ऐसा ही मंजर दिखाया है. यहां बर्फ ने पूरे शहर को जकड़ लिया है. हालत यह है कि रिहायशी इमारतें 3 से 4 मंजिल तक बर्फ में दब चुकी हैं. सड़कों से लेकर घरों की छत तक हर तरफ सफेद चादर बिछी है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो देखकर लोग हैरान भी हैं और डरे हुए भी.
रूस के सुदूर पूर्व में स्थित कामचटका पेनिनसुला में पिछले दिनों भारी बर्फबारी और बर्फीले तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह से रोक दिया. मॉस्को टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. लगातार हो रही बर्फबारी के चलते सड़कें गायब हो गई हैं और कई इलाकों में घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. बर्फ की मोटी परत ने शहर को पूरी तरह ढक लिया है, जिससे सामान्य गतिविधियां ठप पड़ गई हैं.
पूरे शहर में इमरजेंसी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने पूरे शहर में इमरजेंसी लागू कर दी है. रूस की सरकार और आपातकालीन एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है ताकि बर्फ में फंसे लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके. भारी मशीनों से सड़कों और इमारतों के आसपास जमी बर्फ हटाई जा रही है. प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सुरक्षित निकालने की है.
Locals in Russia’s Kamchatka Peninsula are calling it a “snow apocalypse” after record-breaking snowfall buried towns, blocked roads, and forced a state of emergency, with snow piling up to building levels in some areas.pic.twitter.com/cWutM1L9wX
— Volcaholic (@volcaholic1) January 17, 2026
वायरल वीडियो में दिखा बर्फ में डूबा शहर
कामचटका के हालात बयां करते कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो में देखा जा सकता है कि ऊंची-ऊंची रेजिडेंशियल बिल्डिंग आधी से ज्यादा बर्फ में दबी हुई हैं. कुछ इमारतों की चौथी मंजिल तक सिर्फ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है. सड़कों, गाड़ियों और बिजली के खंभों पर बर्फ की मोटी परत जमी है. ये नजारे देखने में जितने अनोखे हैं, उतने ही डरावने भी.
स्कूल बंद, ट्रांसपोर्ट ठप… फिर भी लोग ले रहे मजा
लगातार बर्फबारी की वजह से पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह रोक दिया गया है. इमरजेंसी मंत्रालय द्वारा जारी वीडियो में बचावकर्मी घरों में फंसे बुजुर्गों तक पहुंचने के लिए बर्फ हटाते दिख रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि इन हालात के बीच भी बच्चे और युवा बर्फ का मज़ा लेते नजर आ रहे हैं. कुछ वीडियो में बच्चे ऊंचे बर्फ के ढेर से फिसलते दिख रहे हैं, मानो आपदा में भी खुशी ढूंढ ली हो.
