वेनेजुएला को घेरकर बैठी अमेरिकी नेवी ने कुछ ही घंटे के भीतर दो तेल टैंकर जब्त कर लिए हैं. इसमें एक पर रूस का झंडा लगा था. अमेरिका इस जहाज पर काफी समय से निगरानी कर रहा था और इसे अटलांटिक में पीछा कर आइसलैंड और ब्रिटेन के बीच में पकड़ा. इसका नाम मैरिनेरा पता चला. हालांकि कुछ समय पहले इसका नाम अलग पता चला था. जब टैंकर की तस्वीर मीडिया में आई तो इस पर जंग के बड़े-बड़े निशान दिखे. लोगों की दिलचस्पी यह जानने में बढ़ गई कि आखिर इस जंग लगे टैंकर के पीछे अमेरिका क्यों पड़ा था? 

गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक माना जा रहा है कि यह जहाज पश्चिमी प्रतिबंधों से बचने वाले एक सीक्रेट बेड़े का हिस्सा था. इसमें कोई तेल नहीं है. अगर यह मान भी लिया जाए कि इसमें तेल नहीं है फिर 300 मीटर लंबे इस जहाज में ऐसा खास क्या है? इसके पीछे कई थ्योरी सामने आ रही है – जैसे जहाज के निचले हिस्से में महंगे रूसी हथियार छिपे हो सकते हैं. अब यह शिप वॉशिंगटन और मॉस्को के बीच समंदर की नूरा कुश्ती का केंद्र बन चुकी है. इसे बचाने के लिए रूस ने सबमरीन तो भेजी लेकिन देरी हो गई.  

समंदर में गायब हो गया था?

Add Zee News as a Preferred Source

गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक जिस समय इसे अमेरिका ने पकड़ा इस शिप का नाम मैरिनेरा था. दावा किया जा रहा है कि यह रूस, ईरान और वेनेजुएला के पश्चिमी प्रतिबंधों से बचने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले शैडो या ‘घोस्ट’ फ्लीट का हिस्सा है. सालों से ऐसे जहाज दुनियाभर में कार्गो और सस्ता ईंधन पहुंचाते रहे हैं. इसमें चीन भी शामिल है.  

पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर पर तब तो… अमेरिका के वेनेजुएला ऐक्शन पर खुलकर बोला भारत

वॉशिंगटन और उसके यूरोपीय सहयोगी देश इस गैरकानूनी समुद्री व्यापार पर रोक लगाने की कोशिश कर रहे हैं. ये कोशिशें पिछले महीने उस समय अहम मोड़ पर जा पहुंचीं जब ट्रंप ने वेनेजुएला के पास प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले टैंकरों पर नाकाबंदी लगा दी. वेनेजुएला दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाला देश है और शैडो फ्लीट के जहाजों के लिए एक अहम केंद्र है. 

मैरिनेरा उन दर्जनभर तेल टैंकरों में से एक है जो नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था. यह दिसंबर में कैरेबियन सागर में पकड़े जाने से बच गया. फौरन इसने अपना नाम बेला 1 से बदलकर मैरिनेरा रख लिया और उत्तरी रूस की ओर रास्ता बदल लिया. यह अटलांटिक में आगे बढ़ रहा था, जब इस पर कब्जा कर लिया गया. 

मैरिनेरा पर जून 2024 से अमेरिकी ट्रेजरी ने प्रतिबंध लगा रखे थे क्योंकि उस पर ईरान समर्थित लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के लिए अवैध सामान ले जाने का आरोप है. दिसंबर में जब यह जहाज वेनेजुएला जा रहा था, तब अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने कैरिबियन में इस पर उतरने की कोशिश की थी, लेकिन जहाज के क्रू ने मना कर दिया. 

पढ़ें: राष्ट्रपति सोते हुए उठवाए जा रहे, तब अमेरिका के गेम में नहीं फंसा भारत और पहला विकल्प चुना

अमेरिकी सेना के शैडो फ्लीट जहाजों पर उतरने के पहले भी उदाहरण मौजूद हैं. पिछले महीने अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने हेलीकॉप्टर से उतरकर स्किपर नाम के टैंकर पर कब्जा कर लिया था, जो वेनेजुएला के पास था. हालांकि मैरिनेरा पर ऐसा करने में बहुत बड़ा जोखिम था. स्किपर पर गुयाना का झंडा था लेकिन मैरिनेरा पर रूस का झंडा है. 

जब्ती से पहले रूस ने क्या किया?

टैंकर के क्रू को अमेरिका की मंशा पता चल गई थी. उसने कुछ दिन पहले ही जल्दबाजी में रूसी झंडा पेंट कर दिया. फौरन मॉस्को ने औपचारिक तौर पर राजनयिक विरोध दर्ज कराया और अमेरिका से समंदर में पीछा करना बंद करने की मांग की. 

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के डेविस सेंटर फॉर रशियन एंड यूरेशियन स्टडीज के एसोसिएट क्रेग कैनेडी ने कहा कि मॉस्को ने शायद सोचा होगा कि अमेरिका रूसी झंडा लगे जहाज पर कब्जा नहीं करेगा. हालांकि क्रेमिलन का अंदाजा गलत था. अमेरिकी एक्सपर्ट यह भी कह रहे हैं कि यह रूस की अमेरिकी नाकेबंदी में दखल देकर फायदा उठाने की कोशिश थी लेकिन दांव उल्टा पड़ गया. 

दूसरी थ्योरी

इसके तहत दावा किया जा रहा है कि जहाज के अंदर मॉस्को के लिए कुछ बेहद कीमती चीजें हो सकती हैं. तेल नहीं है लेकिन जिस रास्ते से यह पहले ईरान और वेनेजुएला के बीच जाता था, उस पर हथियारों सहित गैर-कानूनी व्यापार होता रहा है. 

वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट बताती है कि रूस ने बढ़ती टेंशन को देख कुछ दिन पहले ही इस तेल टैंकर को एस्कॉर्ट करने के लिए अपनी नौसेना की एक टुकड़ी भेजी थी. इसमें एक सबमरीन भी शामिल थी. हालांकि थोड़ी सी देर हो गई. यह बात अमेरिका के शिप जब्त करने के बाद पता चली. अमेरिका के टोही प्लेन इस जहाज पर नजर रखे हुए थे. 

ब्रिटेन ने की जासूसी

हां, ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स का एक जासूसी विमान हाल में इसके रास्ते के ऊपर से उड़ा था. फ्लाइट-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म ने दिखाया है कि RC-135W टोही प्लेन मंगलवार को लिंकनशायर के एयरबेस से अटलांटिक के उसी इलाके की ओर गया था. बाद में ब्रिटेन ने यह बात स्वीकार भी कर ली.