Bangladesh Elections: बांग्लादेश में जारी हिंसा को लेकर भारत के कई प्रमुख नेताओं ने चिंता व्यक्त की है. इस लिस्ट में कांग्रेस सांसद शशि थरूर का भी नाम शामिल है. शशि थरूर ने बांग्लादेश में प्रेस पर हो रहे हमलों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है. थरूर ने कहा कि यह सिर्फ प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला नहीं है बल्कि यह देश के बहुलतावाद पर भी सीधा हमला है. उन्होंने हिंसा को समाप्त करने के लिए बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के नेतृत्व में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया.

सोशल मीडिया पर एक्स पर अपनी राय साझा करते हुए थरूर ने लिखा कि बांग्लादेश से आ रही खबरों को लेकर मैं चिंतित हूं. प्रोथोम आलो और द डेली स्टार के ऑफिस पर किए गए टारगेटेड हमले ने न सिर्फ इन दोनों संस्थानों पर हमला किया है बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता और बहुलतावाद पर हमला किया है. मैं संपादक महफूज अनाम और अन्य साहसी पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हूं.

इसके अलावा, थरूर ने खुलना और राजशाही में बंद हुए भारतीय सहायक उच्चायोग को लेकर भी अपनी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सुरक्षा खतरों के बढ़ने के कारण इन दो भारतीय सहायक उच्चायोगों का बंद होना एक बड़ा झटका है. इसका सीधा असर छात्रों, मरीजों और गरीब परिवारों पर पड़ेगा. 12 फरवरी 2026 को होने वाले प्रस्तावित चुनाव से पहले इस प्रकार की हिंसा और असहिष्णुता का माहौल लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए खतरनाक है.

Add Zee News as a Preferred Source

थरूर ने यूनुस सरकार को दी सलाह

थरूर ने न केवल घटना पर अपनी चिंता जताई बल्कि बांग्लादेश को इस समस्या से उबारने के लिए कुछ उपाय भी सुझाए. उन्होंने लिखा कि एक स्थिर और समृद्ध पड़ोस के लिए अंतरिम सरकार को कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाने होंगे. सबसे पहले पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी ताकि उन्हें अपने ऑफिस में आग लगने के बावजूद अपनी जान बचाने के लिए हड़बड़ी में संदेश पोस्ट करने की नौबत न आए. किसी भी स्थिति में भीड़ तंत्र को हावी नहीं होने दिया जाना चाहिए. थरूर ने राजनयिक मिशनों की सुरक्षा पर भी जोर दिया और कहा कि इन मिशनों को सुरक्षित क्षेत्र बनाए रखा जाना चाहिए ताकि लोगों के बीच संपर्क और रिश्ते कायम रहें. उन्होंने दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों को अतिरिक्त सुरक्षा देने की आवश्यकता की बात की. इसके अलावा, उन्होंने शांति बहाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक संवाद की अहमियत पर बल दिया. इस संदर्भ में उन्होंने यूनुस को नेतृत्व प्रदान करने की सलाह दी. शशि थरूर ने बांग्लादेश में स्थिरता को पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि वहां जल्द शांति लौटेगी और जनता की आवाज सिर्फ मतपेटी से सुनी जाएगी न कि हिंसा और डर के माध्यम से.

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम के बगल में ही क्यों दफनाए जाएंगे उस्मान हादी

गौरतलब है कि बांग्लादेश में पिछले वर्ष शेख हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद से लगातार हिंसा का माहौल बना हुआ है. हाल ही में एक छात्र नेता की हत्या के बाद स्थिति और बिगड़ी है. कट्टरपंथी तत्वों ने इस घटना के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया और भारतीय राजनयिक मिशनों को निशाना बनाया. इसके बाद इन तत्वों ने एक हिंदू युवक की हत्या कर शव को सार्वजनिक रूप से पेड़ से टांगकर आग लगा दी.