India vs New Zealand ODI: न्यूजीलैंड की कमजोर मानी जाने वाली टीम ने भारत में आकर एक बार फिर हड़कंप मचा दिया. रविवार, 18 जनवरी को इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे इंटरनेशनल मैच को जीतकर न्यूजीलैंड ने इतिहास रच दिया. 2024 में उन्होंने टेस्ट में भारत की धरती पर पहली बार सीरीज पर कब्जा जमाया था और अब 38 सालों के इतिहास में पहली बार टीम इंडिया को उनके घरेलू मैदान पर ODI शृंखला में पटखनी देकर ऐतिहासिक कारनामा किया. हैरानी की बात ये है कि इस टीम में केन विलियसमन, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर और टॉम लैथम जैसे रेगुलर खिलाड़ी मौजूद भी नहीं थे.
न्यूजीलैंड की ‘बी’ टीम से सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया पर सवाल उठना लाजमी है. बड़ा सवाल ये है कि इस शृंखला में ‘मेन इन ब्लू’ से कहां बड़ी चूक हुई? एक समय था जब भारत में आकर SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों के आगे सरेंडर कर देते थे, लेकिन अब वो ताकत सबसे बड़ी कमजोरी बनती जा रही है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ स्पिनरों ने तोड़ा दम
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में भारतीय स्पिन गेंदबाज बिल्कुल बेअसर साबित हुए. सबसे हैरान करने वाली बात तो ये है कि कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा की तुलना में न्यूजीलैंड के नए स्पिनर्स ज्यादा कामयाब हुए. अब इंदौर वनडे को ही देख लीजिए. कुलदीप-जडेजा की स्पिन जोड़ी ने 6-6 ओवर डाले और इन 2 ओवरों में कीवी बल्लेबाजों ने 89 रन लूट लिए. रविंद्र जडेजा ने फिर निराश किया और विकेट के लिए तरस गए, वहीं कुलदीप भी 6 ओवर में 48 रन लुटाने के बाद एक विकेट लेने में कामयाब हुए.
न्यूजीलैंड के नए स्पिनर ने छोड़ा छाप
ऐसी बात नहीं है कि इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मैच में दोनों टीम के स्पिनर नाकाम रहे. अपना दूसरा ही मुकाबला खेल रहे जेडन लेनोक्स ने तीसरे वनडे में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया. बाएं हाथ के स्पिनर ने 10 ओवर में सिर्फ 42 रन खर्च किए और 2 विकेट भी चटकाए.
पूरी सीरीज में नहीं चला कुलदीप-जडेजा का जादू
न्यूजीलैंड के खिलाफ शर्मनाक हार के असली गुनहगार रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव इसलिए भी हैं, क्योंकि सिर्फ इंदौर ही नहीं बाकी दो मैचों में भी दोनों बेअसर दिखे. सबसे हैरानी की बात तो ये है कि रविंद्र जडेजा पूरी सीरीज में एक विकेट के लिए तरस गए और उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली. वहीं, कुलदीप भी काफी महंगे साबित हुए और उस मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके, जिसके लिए वो जाने जाते हैं.
शुभमन गिल ने भी मानी गलती
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा और तीसरा वनडे हारने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी ये स्वीकार किया कि मिडिल ओवरों में स्पिनर्स विकेट निकालने में असफल रहे हैं और यही वजह है कि टीम मुसीबत में फंस रही है. इंदौर में तेज गेंदबाजों ने अच्छा काम किया. हर्षित, अर्शदीप और सिराज ने मिलकर 7 विकेट चटकाए, लेकिन स्पिनरों ने निराश किया और न्यूजीलैंड की टीम 337 रनों का पहाड़ खड़ा करने में कामयाब रही.
ये भी पढ़ें: शतक पर फिरा पानी फिर भी विराट कोहली ने तोड़ दिया सचिन का ऐसा महारिकॉर्ड, जिसके आसपास भी पहुंचना नामुमकिन!
