News in Brief

दोहा: गोलकीपर गुरप्रीत सिंह ​संधू (Gurpreet Singh Sandhu) ने फिर से बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया जिससे 18वें मिनट के बाद 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहा भारत यहां वर्ल्ड कप फुटबॉल क्वालीफाईंग मैच में एशियाई चैंपियन कतर के खिलाफ बड़ी हार से बच गया लेकिन 0-1 की शिकस्त से वह प्वाइंट्स बांटने में नाकाम रहा.

कतर ने 3 जून की रात को खेले गए मैच में शुरू से लेक​र आखिर तक दबदबा बनाए रखा. उसकी तरफ से अब्देल अजीज (Abdel Aziz) ने 33वें मिनट में गोल किया जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ. इन दोनों टीमों के बीच सितंबर 2019 में पहले चरण का मैच गोलरहित ड्रॉ पर छूटा था. उस मैच में भी संधू ने शानदार खेल दिखाया था.
 

यह भी पढ़ें- इस PAK हसीना को जल्द ‘Hi’ कहेंगे राशिद खान, जानिए इस दोनों का कनेक्शन
 

भारत को 18वें मिनट से ही 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. राहुल भेके को बॉक्स के बाहर गेंद पर हाथ लगाने के कारण दूसरा येलो कार्ड मिलने से मैदान छोड़ना पड़ा था. इससे पहले उन्हें 9वें मिनट में येलो कार्ड मिला था. भारत पहले ही वर्ल्ड कप में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो चुका है लेकिन वह एशिया कप 2023 में जगह बनाने की दौड़ में शामिल है,

इगोर स्टिमक की भारतीय टीम को इस संयुक्त क्वालीफायर में अब 2 मैच खेलने हैं. वह 7 जून को बांग्लादेश और 15 जून को अफगानिस्तान का सामना करेगा. ग्रुप में टॉप पर चल रहे कतर ने अभी तक कोई मैच नहीं गंवाया है. उसने शुरू से गेंद पर कब्जा बनाए रखा. संधू के लाजवाब प्रदर्शन से भारत बड़ी हार से बच गया. उन्होंने ग्रुप ई के इस मैच में कम से कम 9 बचाव किए.

कतर ने भारतीय गोल में 29 शॉट लगाए थे जबकि भारतीय टीम ऐसा एक बार भी नहीं कर पाई. भारत ने जवाबी हमले में 2 अच्छी कोशिशें कीं थीं लेकिन मनवीर सिंह इन्हें भुनाने में नाकाम रहे. कोविड—19 से उबरने के बाद वापसी करने वाले सुनील छेत्री की जगह दूसरे हाफ में उदांता सिंह को मैदान पर उतारा गया था.

भारत ने अब तक एक भी मैच नहीं जीता है और वह 6 मैचों में 3 अंक के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है. वह तीसरे स्थान की टीम अफगानिस्तान से 2 अंक पीछे है. अफगानिस्तान ने इससे पहले एक अन्य मैच में बांग्लादेश को 1—1 से बराबरी पर रोका.

फेलिक्स सांचेज की अगुवाई वाले कतर ने पहले मिनट से ही भारत को दबाव में ला दिया था लेकिन अब्देलकरीम हसन का शॉट बॉक्स के बाहर चला गया। हसन को इसके बाद चौथे मिनट में भी मौका मिला था लेकिन संधू ने उनका प्रयास नाकाम कर दिया. कतर ने हमले जारी रखे और एक खिलाड़ी बाहर होने के बावजूद संधू के शानदार प्रयास से भारत ने उसे गोल से वंचित रखा. 

मध्य​पंक्ति में ग्लैन मार्टिन्स, विपिन सिंह और सुरेश सिंह वांगजैम ने भी अच्छा खेल दिखाया. भारत के पास पहला मौका 29वें मिनट में आया था लेकिन मनवीर इसका फायदा नहीं उठा पाए. कतर ने 33वें मिनट में बढ़त हासिल की. अब्देल अजीज हातिम को मोहम्मद मुंतारी से पास मिला लेकिन उनका पहला शॉट टकराकर वापस उनके पास पहुंच गया और इस बार इस खिलाड़ी ने गोल करने में कोई गलती नहीं की. 

भारत ने 42वें मिनट में जवाबी हमला किया.  छेत्री ने बासम अलरावी को छकाकर मनवीर को गेंद थमायी लेकिन उनका शॉट कतर के एक डिफेंडर ने रोक दिया. संधू ने इसके बाद कतर को निराश किया। उन्होंने अब्देलकरीम हसन के 47वें मिनट में और मुंतारी के 53वें मिनट में करीब से लगाये शॉट का अच्छा बचाव किया.