News in Brief

Shivam Dube: भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर खेले जा रहे टी20 विश्व कप में टीम इंडिया विजय रथ पर सवार है. भारत ने ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीते हैं. इस एडिशन में शिवम दुबे गेंद और बल्ले दोनों से कमाल कर रहे हैं. ग्रुप स्टेज के चौथे मुकाबले में उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ पहले तो 31 बॉल पर 66 रन कूटे, फिर गेंदबाजी में 2 विकेट भी निकाले. इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस सीजन शिवम दुबे शॉर्ट बॉल के खिलाफ बेहतरीन खेले हैं.

ये वही शिवम हैं, जिन्हें एक वक्त शॉर्ट बॉल खेलने में परेशानी होती थी. गेंदबाज उन्हें अक्सर शॉर्ट बॉल पर फंसा लेते थे, लेकिन अब कहानी बदल चुकी है. बाएं हाथ के सिक्स हिटर शिवम ने कड़ी मेहनत के दम पर शॉर्ट बॉल की अपनी कमजोरी पर काम किया और उसका तोड़ निकाला. इस कमजोरी को दूर करने में उनकी मदद भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने की है. शिवम ने खुद इसका खुलासा किया है.

शिवम दुबे ने किया खुलासा

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने बताया कि आईपीएल के दौरान एक समय ऐसा था जब वह शॉर्ट गेंदों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे. इस कमजोरी को दूर करने में पूर्व सीएसके कप्तान एमएस धोनी ने उनकी काफी मदद की. मैच के बाद इंटरव्यू में दुबे ने कहा कि आईपीएल में शुरुआत के समय वह शॉर्ट बॉल को साफ तरीके से हिट नहीं कर पा रहे थे. उन्हें पता था कि उनके पास ताकत है, लेकिन उस एक कमजोरी की वजह से वह पीछे रह जा रहे थे. तब उन्होंने ऑफ सीजन में खास तौर पर इसी पहलू पर कड़ी मेहनत की.

Add Zee News as a Preferred Source

fallback

धोनी की एक सलाह ने बदल दी कहानी

शिवम दुबे ने बताया, ‘जब मैं आईपीएल में आया था तो शॉर्ट गेंदों के खिलाफ थोड़ा संघर्ष कर रहा था. मैं उन्हें उतना साफ नहीं मार पा रहा था. फिर मैंने सोचा कि अगर मुझे इस स्तर पर दबदबा बनाना है और मेरे पास पावर है, तो एक कमजोरी की वजह से पीछे क्यों रहूं. इसलिए मैंने ऑफ सीजन में इस पर काफी काम किया. माही भाई ने मुझसे कहा था कि हर गेंद पर छक्का मारना जरूरी नहीं है. उस गेंद पर चौका भी लगाया जा सकता है या सिंगल भी लिया जा सकता है. उनकी यही बात हमेशा मेरे दिमाग में रहती है जब मैं क्रीज पर उतरता हूं.’

मैच का लेखा-जोखा

टीम इंडिया के ग्रुप स्टेज के चौथे मुकाबले की बात करें तो नीदरलैंड के खिलाफ भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. पहले 10 ओवर में टीम का स्कोर 74/3 था. लेकिन इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या (21 गेंदों पर 30 रन) ने मिलकर आखिरी 10 ओवर में 119 रन जोड़ दिए. दुबे की 66 रन की पारी ने टीम को 193/6 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. कप्तान सूर्यकुमार यादव (28 गेंदों पर 34 रन) और तिलक वर्मा (27 गेंदों पर 31 रन) ने अहम योगदान दिया. बाद में भारत ने नीदरलैंड को 176 रन पर रोककर 17 रन से जीत हासिल की.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: खतरे में आया विराट कोहली का ये प्रचंड रिकॉर्ड…इतने रन बनाते ही साहिबजादा फरहान रच देंगे इतिहास