News in Brief

Zimbabwe Qualify in Super-8 T20 World Cup 2026: समय की एक खास बात होती है… ये बदलता जरूर है. जिस टीम ने पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई भी नहीं किया था, उसने अबकी बार सुपर-8 तक का रास्ता तय कर लिया है. हम बात कर रहे हैं जिम्बाब्वे की, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. मंगलवार को जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया और इसके साथ ही जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में जगह बना ली. वहीं, 2021 की टी20 विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप स्टेज के बाद समाप्त हो गया.

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के लिए शर्मसार होने से लेकर इतिहास रचने का सफर आसान नहीं रहा है. इस सफर में कई चुनौतियां आई हैं. आलम ये था कि पैसे और स्पॉन्सरशिप के लिए वो तड़प रहे थे, लेकिन कोई भाव नहीं दे रहा था. तब जिम्बाब्वे के स्टार खिलाड़ी रयान बर्ल ने फटे जूते की तस्वीर शेयर करते हुए भावुक पोस्ट किया था.

जब जूते के लिए तड़पे थे जिम्बाब्वे के क्रिकेटर

Add Zee News as a Preferred Source

ये कहानी 4 साल पुरानी है. जब जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर रयान बर्ल ने सोशल मीडिया के जरिए इमोशनल गुहार लगाई थी. उस समय जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम सबसे बुरे दौर से गुजर रही थी. क्रिकेट जगत में वो पहचान खो चुके थे और उन्हें स्पॉन्सरशिप देने वाला भी कोई नहीं था. 22 मई, 2021 को रयान बर्ल से रहा नहीं गया और उन्होंने ट्विटर (अब एक्स) पर लिखा, ”क्या हमें कोई प्रायोजक मिल सकता है ताकि हमें हर सीरीज के बाद अपने जूतों को दोबारा चिपकाना न पड़े?”

अब बदली जिम्बाब्वे की किस्मत

जैसा कि हमने पहले ही इसका जिक्र किया कि समय की खास बात होती है, वो बदलता जरूर है. 2024 टी20 वर्ल्ड कप में क्वालिफाई नहीं करने के दाग को जिम्बाब्वे ने धो दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने दिग्गज टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की. सिकंदर रजा की अगुवाई वाली टीम के लिए ये बड़ी उपलब्धि है. देखना दिलचस्प होगा कि सुपर-8 में जिम्बाब्वे कैसा प्रदर्शन करता है.

सुपर-8 में एंट्री के बाद सिकंदर रजा ने क्या कहा?

सुपर-8 में एंट्री के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने से हमारे अंतिम लक्ष्य में कोई बदलाव नहीं आया है। जैसा कि मैंने कहा, यह सिर्फ एक औपचारिकता है, लेकिन हमें अभी और भी कई लक्ष्य हासिल करने हैं और हर कोई एक अंडरडॉग की कहानी पसंद करता है, है ना? बता दें कि 21 फरवरी से शुरू होने वाले सुपर-8 स्टेज में जिम्बाब्वे का सामना भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से होगा.

ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया बाहर, सुपर-8 में 7 सीट कन्फर्म, एक और कौन? क्या फिर होगा भारत-पाक का आमना-सामना, पूरी जानकारी

सुपर-8 में जिम्बाब्वे के मुकाबले कब और किससे?

तारीख मुकाबला समय (IST) स्थान
23 फरवरी, 2026 बनाम वेस्टइंडीज शाम 7:00 बजे मुंबई
26 फरवरी, 2026 बनाम भारत शाम 7:00 बजे चेन्नई
1 मार्च, 2026 बनाम दक्षिण अफ्रीका दोपहर 3:00 बजे दिल्ली