
भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली. पहले ऑस्ट्रेलियाई मेंस टीम का वर्ल्ड कप में बुरा हाल रहा और अब महिला टीम को मुंह की खानी पड़ी है. इस मैच के दौरान जेमिमा रोड्रिग्स ने एक ऐतिहासिक कारनामा कर दिया है. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज़ जेमिमा रोड्रिग्स ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में शानदार अर्धशतक लगाकर वह भारत की ओर से महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी खिलाड़ी बन गई हैं.इस लिस्ट में पहले नंबर पर स्मृति मंधाना का नाम है, जिन्होंने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में 4231 रन बनाए हैं. दूसरे स्थान पर टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिनके नाम 3822 रन दर्ज हैं. अब इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के बाद जेमिमा रोड्रिग्स तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं.
बने तीसरी खिलाड़ी
आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जेमिमा ने 59 रनों की पारी खेलते हुए अपने नाम पर ये इतिहास दर्ज कराया. अब वह स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बाद टीम इंडिया के लिए ऐसा करने वाली तीसरी महिला खिलाड़ी बन चुकी हैं.उन्होंने अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2551 रन बना लिए हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. उन्होंने इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 118 मैचों की 105 पारियों का सहारा लिया.
ठोक दिया अर्धशतक
अगर इस मुकाबले की बात करें तो तीसरे नंबर पर उतरकर जेमिमा रोड्रिग्स ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 46 गेंदों का सामना करते हुए 128.26 की स्ट्राइक रेट से 59 रन जोड़े. उनकी इस पारी में चार शानदार चौके शामिल रहे. जब वह अच्छी लय में दिख रही थीं, तभी गेंदबाज एनाबेल सदरलैंड ने उन्हें एलिसे पेरी के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया.
17 रनों से मिली जीत
मुकाबले के नतीजे पर नजर डालें तो एडीलेड में खेले गए तीसरे टी20 में भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला. निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 6 विकेट खोकर 176 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी. इस तरह भारतीय महिला टीम ने यह मैच 17 रन से अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: IND VS SA T20WC : कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी, तिलक वर्मा के आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब

