News in Brief

टी20 वर्ल्ड कप का पहला एडिशन 2007 में साउथ अफ्रीका में खेला गया था. मौजूदा समय में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप का दसवां एडिशन खेला जा रहा है. अब तक खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सभी एडिशन में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा रहा है. टॉप पर विराट कोहली हैं, तो दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं. गेंदबाजों के मामले में आंकड़ा बिल्कुल अलग है. टॉप 10 में एक भी भारतीय गेंदबाज नहीं है. अब तक खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैचों में सफलतम गेंदबाजों पर गौर करें तो टॉप 5 पर एशियाई गेंदबाजों का कब्जा है, लेकिन इसमें एक भी भारतीय या सेना देशों का गेंदबाज नहीं है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अगर ऑस्ट्रेलियाई एडम जांपा और साउथ अफ्रीका के एनरिक नॉर्किया का प्रदर्शन अच्छा रहा, तो वे टॉप 5 में जगह बना सकते हैं.

अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का मौका

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पास भी टॉप-10 में एंट्री के साथ ही टॉप-5 में भी जगह बनाने का मौका है. फिलहाल 19वें स्थान पर मौजूद अर्शदीप सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप के 15 मैचों में 29 विकेट लिए हैं. अर्शदीप सिंह 7 विकेट और लेते ही टॉप-10 गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे. टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन रहे हैं. रविचंद्रन अश्विन ने 24 मैचों में 32 विकेट लिए हैं और वह 13वें स्थान पर हैं. पहले स्थान पर बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

पहले नंबर पर शाकिब अल हसन मौजूद

शाकिब अल हसन ने 2007 से 2024 के बीच 43 मैचों में 50 विकेट लिए हैं. श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा दूसरे स्थान पर हैं. वानिंदु हसरंगा ने 2021 से 2026 के बीच अब तक खेले 20 मैचों में 40 विकेट लिए हैं. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी 34 मैचों में 39 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं. चौथे स्थान पर अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान हैं.

राशिद के 24 मैचों में 38 विकेट

राशिद ने 2016 से 2026 के बीच अब तक खेले 24 मैचों में 38 विकेट लिए हैं. पांचवें नंबर पर श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज और अपनी कप्तानी में श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले लसिथ मलिंगा हैं. लसिथ मलिंगा ने 31 मैचों में 38 विकेट लिए हैं. ऑस्ट्रेलियाई एडम जांपा भी 21 मैचों में 36 विकेट लेकर छठे स्थान पर हैं और उनके पास भी टॉप स्थान पर जाने का मौका है.

एनरिक नॉर्किया ने 19 मैचों में 35 विकेट चटकाए

पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सईद अजमल सातवें स्थान पर हैं. सईद अजमल के नाम 2009 से 2014 के बीच 23 मैचों में 36 विकेट हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व गेंदबाज टिम साउदी आठवें स्थान पर हैं. टिम साउदी ने 2010 से 2024 के बीच 25 मैचों में 36 विकेट लिए हैं. साउथ अफ्रीका के एनरिक नॉर्किया नौवें स्थान पर हैं. एनरिक नॉर्किया ने 19 मैचों में 35 विकेट लिए हैं. श्रीलंका के अजंता मेंडिस दसवें स्थान पर हैं. 2009 से 2014 के बीच अजंता मेंडिस ने 21 मैचों में 35 विकेट लिए हैं.