तंजानिया: कपड़ों की वजह से एक महिला सांसद को नेशनल एसेंबली से बाहर कर दिया गया. ये घटना तंजानिया की संसद की है. जहां 31 साल की महिला सांसद कॉन्डेस्टर मिशेल (Condester Michael Sichlwe) को इसलिए निकाल दिया क्योंकि, उन्होंने टाइट फिटिंग ट्राउजर्स पहने थे. उनसे ये तक कहा गया कि उनका पहनावा नॉन पार्लियामेंट्री है. 

मंगलवार को स्पीकर जॉब डुगाई (Job Ndugai) ने उनके कपड़ों को लेकर आपत्ति जताई और कहा, ‘जाइए ठीक से कपड़े पहनकर आइए और उसके बाद संसद में आएं.’

स्पीकर डुगाई से पहले एक पुरुष सांसद हुसैन अमर ने भी ऐसी ही बात कही थी. उन्होंने कहा था, ‘ हमारी कुछ बहनें अजीबोगरीब कपड़े पहन रही हैं. ये समाज को क्या दिखाना चाहती हैं?’

हुसैन अमर का तर्क था कि संसद में समाज की सोच और उसकी झलक दिखती है. उन्होंने संसद के नियमों को हवाला देते हुए ये भी बताया कि क्यों महिलाओं को संसद में टाइट जीन्स पहनकर नहीं आना चाहिए.

ये भी पढ़ें: British Company ने Fashion के नाम पर लॉन्च की Bum Zip Jeans, सोशल मीडिया पर लोगों ने बनाया निशाना

वहीं स्पीकर जॉब डुगाई (Job Ndugai) ने कहा कि ये पहली बार नहीं है, जब उन्हें महिला सांसदों के कपड़ों को लेकर इस तरह की शिकायत मिली है. इसे लेकर उन्होंने चैंबर के आदेशवाहकों को ये भी निर्देश दिए हैं कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को अंदर न आने दें, जिसने सही तरीके से कपड़े न पहने हों. 

दूसरी तरफ जिस तरह कॉन्डेस्टर के कपड़ों को अजीबोगरीब बताकर उन्हें संसद से बाहर कर दिया गया, इसे ​लेकर दूसरी महिला सांसदों में नाराजगी है और वो इसके खिलाफ प्रदर्शन भी कर रही हैं. महिला सांसदों ने कॉन्डेस्टर को इस तरह नेशनल एसेंबली से बाहर निकाले जाने पर कहा कि इसके लिए माफी मांगी जानी चाहिए.