
Sanju Samson India vs New Zealand: भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैचों में बुरी तरह फेल हो गए. इसके बाद उनकी जमकर आलोचना हो रही है. कहा तो यह भी जा रहा है कि उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर भी किया जा सकता है. इन सब अफवाहों के बीच भारतीय बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने संजू सैमसन का साथ देते हुए कहा है कि वह खराब फॉर्म से बाहर निकल आएंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज अच्छी ट्रेनिंग कर रहे हैं और टी20 वर्ल्ड कप से कुछ ही दिन पहले वह अपनी फॉर्म में वापस पाने से सिर्फ एक पारी दूर है.
संजू के 3 मैच में सिर्फ 16 रन
सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैचों में 10, 6 और 0 रन के स्कोर के साथ कुल 16 रन ही बनाए हैं. उनकी मुश्किलें गुवाहाटी में तीसरे टी20 में सबसे ज्यादा साफ दिखीं. मैट हेनरी की तेज गेंद पर वह खाता खोले बगैर आउट हो गए. इन आंकड़ों के बावजूद मोर्कल ने चिंताओं को कम करते हुए कहा कि फॉर्म में उतार-चढ़ाव खेल का हिस्सा हैं.
संजू बेहतरीन ट्रेनिंग कर रहे: मोर्कल
मोर्कल ने कहा, ”संजू अपनी फॉर्म वापस पाने से सिर्फ एक अच्छी पारी दूर है. हम सब जानते हैं कि फॉर्म अस्थायी होती है. हमारे लिए वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए यह जरूरी है कि खिलाड़ी सही समय पर अपना बेस्ट परफॉर्मेंस दें. वह अच्छी ट्रेनिंग कर रहे हैं. वह गेंद को बहुत अच्छी तरह से हिट कर रहे हैं. मुझे लगता है कि यह सिर्फ समय की बात है कि वह टीम में अपनी जगह पक्की कर लेंगे.”
ये भी पढ़ें: U19 World Cup: वैभव सूर्यवंशी का प्रहार, विहान मल्होत्रा का शतकीय वार… सुपर सिक्स में भारत ने जिम्बाब्वे को रौंदा
नतीजों पर फोकस
मोर्कल ने इस बात पर जोर दिया कि व्यक्तिगत फॉर्म में गिरावट से ज्यादा नतीजे मायने रखते हैं. उन्होंने कहा, ”मुख्य फोकस यह है कि टीम जीत रही है और मुझे लगता है कि यह जरूरी है. हम अभी सीरीज में 3-0 से आगे हैं. लड़के बहुत अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं. वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले हमारे पास कुछ और मैच हैं. मुझे कोई शक नहीं है कि संजू अपनी फॉर्म और रन वापस पा लेगा.”
ये भी पढ़ें: हैरी ब्रूक-जो रूट ने शतक से मचाया तूफान, रतनायके की सेंचुरी बेकार, इंग्लैंड ने श्रीलंका से जीती वनडे सीरीज
किशन के फॉर्म से सैमसन पर बढ़ा दबाव
सैमसन के संघर्ष के बीच ईशान किशन ने मौके का फायदा उठाया है. घायल तिलक वर्मा की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 8, 76 और 28 रन बनाए हैं. इससे उन्हें बैटिंग ऑर्डर में ऊपर भेजने की मांग तेज हो गई है. इस बढ़ती बहस ने स्वाभाविक रूप से सैमसन पर अतिरिक्त दबाव डाल दिया है. कुछ लोग वर्ल्ड कप से पहले बदलाव का सुझाव दे रहे हैं.
