
Afghanistan T20 World Cup Squad: स्टार क्रिकेटर राशिद खान भारत और श्रीलंका में होने वाले आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान की कप्तानी करेंगे. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है जिसमें गुलबदीन नायब और नवीन-उल-हक की वापसी हुई है. अफगानिस्तान ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था. वह पहली सेमीफाइनल में पहुंचा था, लेकिन साउथ अफ्रीका से हार गया था. बाद में अफ्रीकी टीम को हराकर भारत चैंपियन बना था. अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात और कनाडा के साथ पूल डी में रखा गया है. वे 8 फरवरी को चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे.
नवीन की विराट से हुई थी कहासुनी
मंगलवार को घोषित 15 सदस्यीय टीम 19 से 22 जनवरी तक यूएई में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी. गुलबदीन के शामिल होने से मध्य क्रम में अनुभव और संतुलन आया है, जबकि नवीन कंधे की चोट से उबरने के बाद लौटे हैं. उनकी वापसी से अफगानिस्तान के तेज गेंदबाजी विकल्प मजबूत हुए हैं. बता दें कि नवीन उल हक की ही आईपीएल 2023 में विराट कोहली से कहासुनी हुई थी. बाद में दोनों के बीच दोस्ती भी हो गई
फजलहक और मुजीब भी टीम में लौटे
फजलहक फारूकी को भी हाल ही में बांग्लादेश सीरीज से बाहर रहने और जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ आखिरी टी20 खेलने के बाद वापस बुलाया गया है. बाएं हाथ के बल्लेबाज शाहिद उल्लाह कमाल और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद इशाक ने अपने अच्छे प्रदर्शन के बाद अपनी जगह बनाए रखी है, जबकि युवा तेज गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई को मुख्य टीम में जगह मिली है. स्पिन अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है. मुजीब उर रहमान टीम में वापस लौटे हैं. इस फैसले के बाद एएम गजनफर को एजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी के साथ रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें: ऋतुराज का IND vs NZ सीरीज से पहले धमाका… 12 चौके और 3 छक्कों का तूफान, टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में जगह पक्की?
मुख्य चयनकर्ता का बड़ा बयान
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के CEO नसीम खान ने कहा कि टीम पिछले संस्करण की लय को बनाए रखना चाहती है. मुख्य चयनकर्ता अहमद शाह सुलेमानखिल ने चयन प्रक्रिया को प्रतिस्पर्धी बताया. उन्होंने कहा, ”गुलबदीन नायब बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और उनकी वापसी से टीम को मजबूती मिली है. हमें नवीन उल हक की वापसी से भी खुशी है, जिससे हमारी तेज गेंदबाजी की गुणवत्ता में सुधार हुआ है. मुजीब को टीम में शामिल करने के लिए एएम गजनफर को मेन स्कॉड से बाहर रखना एक मुश्किल फैसला था. शाहिद उल्लाह कमाल हमें एक महत्वपूर्ण लेफ्ट-हैंडेड ऑप्शन देते हैं.”
टी20 वर्ल्ड कप के लिए अफगानिस्तान टीम
राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अब्दुल्ला अहमदजई, सेदिकुल्लाह अटल, फजलहक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, नवीन उल हक, मोहम्म इशाक, शाहिद उल्लाह कमाल, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, मुजीब उर रहमान, दरवेश रसूलि, इब्राहिम जादरान.
रिजर्व: एएम गजनफर, एजाज अहमदजई, जिया उर रहमान शरीफी.
