News in Brief

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 की टीमों का फैसला हो चुका है. भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और पाकिस्तान ने सुपर-8 में जगह बनाई है. सभी 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप 1 में भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे हैं, जबकि ग्रुप 2 में श्रीलंका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और पाकिस्तान हैं. सुपर-8 के मैच 21 फरवरी से शुरू हो रहे हैं. सभी टीमों को तीन-तीन मैच खेलने हैं. पहला मुकाबला न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. सुपर-8 में जगह बनाने वाली सभी टीमों का अगला लक्ष्य सेमीफाइनल में जगह बनाना है.

टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में होगी इन 4 टीमों की एंट्री?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के कमेंट्री पैनल में मौजूद चेतेश्वर पुजारा, मोहम्मद कैफ, संजय बांगर, युजवेंद्र चहल और वरुण आरोन ने सेमीफाइनल की चार टीमों को लेकर अपनी-अपनी भविष्यवाणी की है. शुक्रवार को स्टार स्पोर्ट्स द्वारा जारी वीडियो में पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि उनके मुताबिक भारत, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में जगह बना सकती हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

मोहम्मद कैफ ने किसे चुना?

पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘भारत, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में जगह बना सकती हैं.’ पूर्व तेज गेंदबाज वरुण एरॉन ने भारत, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और पाकिस्तान का चयन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल के लिए पसंदीदा टीम के रूप में किया.

संजय बांगड़ ने इन 4 टॉप टीमों को रखा

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच रह चुके पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगड़ ने सेमीफाइनल की चार टीमों के रूप में भारत, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को चुना. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से कमेंट्री की दुनिया में कदम रख रहे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टॉप चार के लिए भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को चुना. युजवेंद्र चहल टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे थे. हालांकि उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था.