News in Brief

Super Over Record In T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है. ये कहना गलत नहीं होगा कि इस टूर्नामेंट ने पहले कुछ दिनों में ही तमाम क्रिकेट फैंस का दिल गदगद कर दिया है. बुधवार, 11 फरवरी को हुआ साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच मैच तो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज किया जाएगा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. ये मैच किसी ब्लॉकबस्टर मूवी से कम नहीं था. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार डबल सुपर ओवर का तड़का लगा, जिसमें बाजी तो साउथ अफ्रीका ने मारी, लेकिन दिल साउथ अफ्रीका ने जीता.

पहले मैच के बारे में बता दें कि साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए थे. इसके जवाब में रहमानुल्लाह गुरबाज की तूफानी पारी के दम पर अफगानिस्तान ने आखिरी ओवर तक संघर्ष किया और 187 रन बनाने में कामयाब रहे. मैच टाई हुआ और फिर असली रोमांच सुपर ओवर में हुआ. सुपर ओवर भी टाई रहा और फिर दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका को जीत और अफगानिस्तान को दर्दनाक हार का सामना करना पड़ा.

टी20 वर्ल्ड कप में कितने सुपर ओवर हुए हैं?

Add Zee News as a Preferred Source

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2007 में हुई थी. तब से लेकर अभी तक इस टूर्नामेंट में 6 मैच टाई हुए हैं. पहली बार ये रोमांच 2007 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच में हुआ था, लेकिन तब सुपर ओवर नियम नहीं बना था. डरबन में हुए उस मुकाबले में बॉल आउट से फैसला हुआ था और भारत ने पाकिस्तान को पटखनी दी थी. 

पहली बार न्यूजीलैंड का टूटा था दिल

टी20 वर्ल्ड कप में सुपर ओवर का पहला तड़का 2012 में लगा था. न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच पल्लेकेले में खेला गया ये मैच टाई रहा. दोनों टीमों ने 174-174 रन बनाए. उसके बाद नतीजा सुपर ओवर से निकला, जहां श्रीलंका को जीत मिली और न्यूजीलैंड का दिल टूटा.

इसके बाद 2012 टी20 वर्ल्ड कप में ही न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच मैच टाई हुआ और दिलचस्प बात ये है कि ये मुकाबला भी पल्लेकेले में खेला गया था. सुपर ओवर में किस्मत से एक बार फिर कीवी टीम का साथ नहीं दिया और वेस्टइंडीज ने मैच अपने नाम किया.

टी20 वर्ल्ड कप का तीसरा सुपर ओवर देखने में 12 सालों का इंतजार करना पड़ा. 2024 में नामीबिया बनाम ओमान मैच टाई हुआ और सुपर ओवर में नामीबिया को जीत मिली. इसी साल यूएसए बनाम पाकिस्तान मुकाबला भी सुपर ओवर में पहुंचा जहां अमेरिका ने पाकिस्तान के होश उड़ाते हुए मैच अपने नाम कर बड़ा उलटफेर किया. इस हार के बाद पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया था.

टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ डबल सुपर ओवर

टी20 वर्ल्ड कप में पहला डबल सुपर ओवर आज यानी अफगानिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका के बीच हुआ. पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए. इसके बाद दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 23 रन बनाए और इसके जवाब में अफगान टीम 19 रन बना सकी और उन्हें दर्दनाक हार का सामना करना पड़ा. बता दें कि इससे पहले अफगानिस्तान ने 2024 में भारत के खिलाफ भी डबल सुपर ओवर खेला था और वहां भी उन्हें मायूसी हाथ लगी थी. टी20 इंटरनेशनल में अफगानिस्तान ने अभी तक 3 सुपर ओवर मुकाबले खेले हैं और तीनों में हार का सामना करना पड़ा है.

ये भी पढ़ें: हाय रे किस्मत… 10 छक्के, 103 रन बनाने के बाद भी टूटा गुरबाज का दिल, हारा अफगानिस्तान तो नहीं रोक सके आंसू